Delhi Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (BJP) आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं द्वारा उन पर लगाए गए विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में शिकायत दर्ज कराने जा रही है। बीजेपी ने यह निर्णय गुरुवार को AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा पार्टी पर दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले अपने सदस्यों को रिश्वत देने और उनसे पार्टी बदलने की अपील करने का आरोप लगाने के बाद लिया है। केजरीवाल ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पर आठ फरवरी को आने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को खरीदने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
बीजेपी ने आरोप को खारिज करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के 16 उम्मीदवारों को BJP की ओर से मंत्री पद और पार्टी बदलने पर 15-15 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव मिला है। केजरीवाल ने अपने पोस्ट में कहा, "कुछ एजेंसियां दिखा रही हैं कि गाली गलौज पार्टी की 55 से ज्यादा सीट आ रही हैं। पिछले दो घंटे में हमारे 16 उम्मीदवारों के पास फोन आ गए हैं कि AAP छोड़ के उनकी पार्टी में आ जाओ, मंत्री बना देंगे और हर एक को 15-15 करोड़ देंगे।"
उन्होंने कहा, "अगर इनकी पार्टी की 55 से ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो हमारे उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है? जाहिर तौर पे ये फर्जी सर्वे करवाए ही इसलिए गए हैं ताकि ये माहौल बनाकर कुछ उम्मीदवारों को तोड़ा जा सके। पर गाली गलौज वालों, हमारा एक भी आदमी नहीं टूटेगा।" केजरीवाल के दावों को दोहराते हुए सुल्तानपुर माजरा से AAP उम्मीदवार और दिल्ली के मंत्री मुकेश अहलावत ने कहा कि उन्हें भी इस तरह का प्रस्ताव दिया गया था।
अहलावत ने X पर एक पोस्ट में कहा, "मैं मर सकता हूं, मेरे टुकड़े हो सकते हैं, लेकिन मैं अरविंद केजरीवाल को कभी नहीं छोड़ूंगा।" उन्होंने कहा, "मुझे बताया गया कि उनकी (BJP) सरकार बन रही है और अगर मैं AAP छोड़कर उनके साथ शामिल हो गया तो वे मुझे मंत्री बनाएंगे और 15 करोड़ रुपये देंगे। लेकिन केजरीवाल और आप ने मुझे जो सम्मान दिया है, मैं मरते दम तक अपनी पार्टी नहीं छोड़ूंगा।"
इससे पहले दिन में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह BJP पर आरोप लगाया कि वह दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित होने से पहले, आप के सात उम्मीदवारों को पाला बदलने के लिए पैसों की पेशकश कर रही है। राज्यसभा सांसद ने कहा, "इससे साफ पता चलता है कि भाजपा ने नतीजों से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है और अब वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है।"
BJP ने दी कानूनी कार्रवाई की धमकी
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें चुनावी हार को लेकर आप की "हताशा" का संकेत बताया। सचदेवा ने एक बयान में कहा, "संजय सिंह को या तो अपने आरोप वापस लेने चाहिए और माफी मांगनी चाहिए या फिर कानूनी कार्रवाई का सामना करना चाहिए।" उन्होंने कहा, "उन्हें (संजय सिंह) यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पार्टी के नेता, दिल्ली के (पूर्व) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले से ही इसी तरह के झूठे आरोप लगाने के लिए मानहानि के मुकदमे का सामना कर रहे हैं।"
कालकाजी से AAP की उम्मीदवार रहीं मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। उन्होंने X पर एक पोस्ट में पूछा, "अगर गाली देने वाली पार्टी (BJP) को 50 से ज्यादा सीट मिल रही हैं, तो वे हमारे उम्मीदवारों से संपर्क करके उन्हें तोड़ने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?" आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत की भविष्यवाणी करने वाले एग्जिट पोल AAP उम्मीदवारों का मनोबल गिराने के उद्देश्य से की गई एक "साजिश" है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चर्चित चुनावी सर्वेक्षण एजेंसियों 'एक्सिस मॉय इंडिया' और 'टुडेज चाणक्य' ने अपने एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में संभावना जताई कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को प्रचंड बहुमत मिल सकता है। मतदान के बाद जारी हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में भी बीजेपी के 27 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई थी।
हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है। वर्ष 1998 में हुए विधानसभा चुनाव में BJP को हार का सामना करना पड़ा था। तब से भगवा पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से बाहर है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। मतगणना कल यानी आठ फरवरी को होगी।