Delhi Election 2025: अगर दिल्ली में BJP जीती तो कौन होगा मुख्यमंत्री? इन 5 नामों पर चर्चा तेज

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आए अधिकतर एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 27 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई है। हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है

अपडेटेड Feb 07, 2025 पर 10:46 AM
Story continues below Advertisement
Delhi Election 2025: दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। मतगणना 8 फरवरी को होगी

Delhi Election 2025: चर्चित चुनावी सर्वेक्षण एजेंसियों 'एक्सिस मॉय इंडिया' और 'टुडेज चाणक्य' ने अपने एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में संभावना जताई कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को प्रचंड बहुमत मिल सकता है। मतदान के बाद जारी हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में भी बीजेपी के 27 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई थी। हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है।

'एक्सिस मॉय इंडिया' का अनुमान है कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में BJP को 45-55 सीट मिल सकती हैं। जबकि AAP को 15-25 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है। उसका कहना है कि कांग्रेस को अधिकतम एक सीट मिल सकती है। उसने अपने सर्वेक्षण में संभावना जताई है कि बीजेपी को 48 प्रतिशत, AAP को 42 प्रतिशत और कांग्रेस को सात प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

'टुडेज चाणक्य' के एग्जिट पोल में कहा गया है कि BJP को 49 प्रतिशत वोट के साथ 51 (छह कम या ज्यादा) सीट हासिल हो सकती हैं। वहीं, AAP को 41 प्रतिशत वोट तथा 19 सीट (छह कम या ज्यादा) मिलने का अनुमान है। उसने कहा है कि अन्य को 10 प्रतिशत वोट तथा अधिकतम तीन सीट मिल सकती हैं।


वर्ष 1998 में हुए विधानसभा चुनाव में BJP को हार का सामना करना पड़ा था। तब से भगवा पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से बाहर है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। मतगणना कल यानी आठ फरवरी को होगी।

कौन होगा बीजेपी का सीएम?

वैसे तो भारतीय जनता पार्टी पहले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं करती। लेकिन कुछ ऐसे नाम हैं जो मुख्यमंत्री बनने की रेस में फिलहाल आगे चल रहे हैं। इनमें सबसे पहला नाम प्रवेश साहिब सिंह वर्मा का है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी दिल्ली से तीसरी बार सांसद मनोज तिवारी, नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और बीजेपी की सीनियर नेता मीनाक्षी लेखी का नाम भी सीएम की रेस में आगे चल रहा है।

ये भी पढ़ें- Delhi Chunav 2025 Live: 'मसाज और स्पा कंपनियों ने किया सर्वे': AAP नेता संजय सिंह ने एग्जिट पोल का उड़ाया मजाक

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान की गुरुवार को समीक्षा की और लगभग 50 सीट जीतने का दावा किया। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि लोगों ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर के डबल इंजन वाले विकास में शामिल होने के लिए मतदान किया। बैठक के बाद उन्होंने दावा किया कि बीजेपी करीब 50 सीट जीतेगी और आठ फरवरी को अभूतपूर्व परिणाम के बाद दिल्ली में सरकार बनाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।