Delhi Assembly Election Results 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 फवरी) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिले ऐतिहासिक जीत के लिए राजधानी के मतदाताओं का आभार जताया। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली कोई तिहाड़ जेल नहीं, बल्कि मिनी हिंदुस्तान है। पीएम मोदी ने कहा कि जिन्हें दिल्ली का मालिक होने की घमंड था उन्हें राजधानी के लोगों ने पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर क्षेत्र में कमल खिला है।" पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है।
उन्होंने कहा, "जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।" पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है> आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है।"
PM मोदी ने कहा, "इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।" पीएम मोदी ने आगे कहा, "लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमनें पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमनें पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी बीजेपी को शानदार जीत मिली है। उन्होंने कहा कि आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं गारंटी दे रहा हूं कि पहले विधानसभा सत्र में ही CAG की रिपोर्ट दिल्ली की सदन में रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के हर तार की जांच होगी और जिसने भी दिल्ली को लूटा है, उसे लौटाना पड़ेगा। ये भी मोदी की गारंटी है। पीएम मोदी ने कहा कि 'AAP-दा' वाले ये कहकर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति बदल डालेंगे। लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले।