'हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे...': दिल्ली चुनाव में BJP की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 27 साल बाद सत्ता पर आसीन होने की ओर अग्रसर होता देख भगवा दल के समर्थकों ने पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाना शुरू कर दिया है। समर्थकों ने ढोल बजाकर डांस किया और पार्टी के झंडे लहराए। बीजेपी के सभी सीनियर नेता दिल्ली में ऐतिहासिक जीत पर उत्साहित हैं

अपडेटेड Feb 08, 2025 पर 3:37 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Election Results 2025: पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों का जीवन उत्तम बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे

Delhi Election Results 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 फरवरी) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिले प्रचंड जनादेश के लिए मतदाताओं का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि राजधानी के चौतरफा विकास और लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए वह कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।

उन्होंने कहा कि जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन!आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है। उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है। BJP दिल्ली की 70 में से 48 सीट पर निर्णायक बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीट पर सिमटने के कगार पर है। एक बार फिर कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना खाता नहीं खोलती दिख रही है।


अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, BJP को करीब 47 प्रतिशत जबकि AAP को 43 प्रतिशत वोट मिले हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन सहित सत्तारूढ़ दल के कई अन्य प्रमुख नेता चुनाव हार गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी के शानदार प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी शनिवार को भरोसा जताया कि भाजपा सरकार निश्चित रूप से दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी और विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप बदलाव लाएगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझान में भाजपा के आगे होने के बारे में पूछे जाने पर सीतारमण ने कहा, "वास्तव में, यह जानकर खुशी हुई क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हम बहुत उत्सुक हैं कि दिल्ली को एक ऐसी सरकार मिले जो अपने लोगों की सेवा करे। और यह विकसित भारत 2047 को प्राप्त करने के लिए समय की मांग है।"

बीजेपी ने 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी। उस चुनाव में उसे 49 सीट पर जीत मिली थी। अन्ना आंदोलन से नेता के रूप में उभरे अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 2015 में 67 सीट जीतकर सरकार बनाई और 2020 में 62 सीट जीतकर सत्ता में धमाकेदार वापसी की थी। इसके पहले 2013 के अपने पहले चुनाव में AAP ने 31 सीट जीती थीं लेकिन वह सत्ता से दूर रह गई थी।

बाद में कांग्रेस के समर्थन से केजरीवाल पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे। इस बार सत्ता की अग्रसर बीजेपी 2015 के चुनाव में सिर्फ तीन सीट पर सिमट गई थी। जबकि 2020 के चुनाव में उसके सीट की संख्या बढ़कर आठ हो गई थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच बीजेपी को 27 साल बाद सत्ता पर आसीन होने की ओर अग्रसर होता देख भगवा दल के समर्थकों ने यहां पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाना शुरू कर दिया। समर्थकों ने ढोल बजाकर नृत्य किया और पार्टी के झंडे लहराए।

ये भी पढ़े- Delhi Result: अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता से नहीं मिला ईमानदारी का सर्टिफिकेट, जेल जाने वाले AAP नेताओं की हुई हार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।