PM Modi to Visit Bengal: 'TMC-कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल के खिलाफ साजिश रची'; सीएम ममता पर बरसे पीएम मोदी

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर संसद में महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाएं सत्तारूढ़ दल TMC को सजा देंगी

अपडेटेड Apr 19, 2026 पर 12:53 PM
Story continues below Advertisement
Bengal Chunav 2026: पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी महिला सशक्तीकरण, उनकी सुरक्षा और संरक्षा का पर्याय है

West Bengal Assembly Elections 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (19 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हए महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि TMC और कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल के खिलाफ साजिश रची। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि TMC ने बंगाल की बहनों के साथ विश्वासघात किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित होने से रोककर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। PM ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाएं सत्तारूढ़ दल को सजा देंगी।

बांकुड़ा जिले के बिष्णुपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल ने कांग्रेस के साथ मिलकर उस विधेयक को पारित होने से रोका। PM ने कहा कि इस साल के बंगाल चुनाव ऐतिहासिक होंगे क्योंकि लोग तृणमूल के भय को समाप्त करेंगे और BJP के भरोसे को जनादेश देंगे।


'महिलाएं TMC-कांग्रेस को सजा देंगी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "तृणमूल ने कांग्रेस के साथ मिलकर 2029 में महिलाओं को आरक्षण प्रदान करने वाले विधेयक को पारित होने से रोकने की साजिश रची, महिलाएं उन्हें सजा देंगी।" PM मोदी ने कहा कि BJP की पहचान महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा है। इसीलिए, देश के हर राज्य में बहनें और बेटियां BJP को सबसे ज्यादा आशीर्वाद देती हैं।

उन्होंने कहा, "हमने देखा कि संसद में तृणमूल ने महिलाओं के साथ किस तरह विश्वासघात किया। तृणमूल ने कांग्रेस के साथ मिलकर इस विधेयक को रोकने की साजिश रची, क्योंकि वह महिला सशक्तीकरण के खिलाफ है।"

BJP को बताया महिलाओं की हितैषी

प्रधानमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर BJP की पहचान महिला सशक्तीकरण, उनकी सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी है। यही कारण है कि देशभर की महिलाएं BJP को आशीर्वाद देती हैं। PM मोदी ने कहा, "हम एक 'विकसित भारत' के निर्माण में बेटियों की भूमिका का विस्तार करना चाहते हैं। ज्यादा से ज्यादा बेटियों को राजनीति में आने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहते हैं। आपने देखा कि संसद में क्या हुआ। TMC ने एक बार फिर बंगाल की बहनों के साथ विश्वासघात किया है।"

घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक की सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं बंगाल में जहां भी जाता हूं.. हर जनसभा, पहले से ज्यादा बड़ी होती जा रही है। यह माहौल, प्यार, उत्साह, उमंग और यह निर्मम सरकार के प्रति गुस्से का भी प्रतीक है।" उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो वह PMAY के तहत महिलाओं को घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान करेगी।

PM मोदी ने आगे कहा, "मैं तृणमूल के गुंडों को चुनाव से पहले पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने का आखिरी मौका देता हूं, क्योंकि चार मई को परिणाम आने के बाद किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।" प्रधानमंत्री ने कहा, "तृणमूल घुसपैठियों को फायदा पहुंचाने के लिए हर कानून तोड़ती है और धर्म के आधार पर आरक्षण देती है लेकिन महिला सशक्तिकरण का विरोध करती है।"

'तृणमूल और कांग्रेस दोनों ही आदिवासी विरोधी हैं'

पीएम मोदी ने कहा, "तृणमूल और कांग्रेस दोनों ही आदिवासी विरोधी हैं। राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उम्मीदवार खड़े किए थे।" उन्होंने आगे कहा, "तृणमूल कुर्मी समुदाय की शिकायतों को नहीं सुनती। बल्कि अपने वोट बैंक को आरक्षण देना चाहती है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "BJP की पहचान ही महिला सशक्तिकरण से है, महिला सुरक्षा से है इसीलिए देश के हर राज्य में बहन-बेटियां BJP को सबसे अधिक आशीर्वाद देती हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत बनाने में बेटियों की भूमिका का विस्तार हो, राजनीति में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां आएं लेकिन आपने देखा होगा कि संसद में क्या हुआ।"

पीएम मोदी ने कहा, "TMC ने बंगाल की बहनों के साथ एक और धोखा किया है। बंगाल की महिलाएं 33% आरक्षण चाहती थीं। मोदी ने यह सुनिश्चित किया। बंगाल की महिलाएं चाहती थीं कि इसे 2029 से लागू किया जाए। मोदी ने इसके लिए भी प्रयास किया लेकिन TMC नहीं चाहती थी कि बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में MLA और MP बनें क्योंकि बंगाल की बेटियां इनके महा जंगल राज को चुनौती दे रही हैं।"

ये भी पढ़ें- Bengal Election 2026: बंगाल चुनाव से पहले वोटर्स को बड़ी राहत! ECI ने 7 लाख नए मतदाता जोड़े, TMC या BJP किसे होगा फायदा?

तृणमूल पर महिला आरक्षण और महिला सशक्तीकरण दोनों का विरोध करने का आरोप लगाते हुए PM मोदी ने कहा कि राज्य की महिला मतदाता इस पार्टी को करारा जवाब देंगी। उन्होंने कहा, "तृणमूल महिला सशक्तीकरण और आरक्षण नहीं चाहती। पश्चिम बंगाल की महिलाएं उसे सजा देंगी।"

संसद में नहीं पास हो पाया संविधान संशोधन बिल

प्रधानमंत्री की ये टिप्पणियां उस घटनाक्रम के दो दिन बाद आई है, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली केंद्र सरकार लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित कराने में सफल नहीं हो सकी। यह विधेयक 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराकर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित था। PM मोदी ने तृणमूल पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और महिलाओं को प्रतिनिधित्व से वंचित रखने का आरोप लगाया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।