Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती शुरू होने से कुछ घंटे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कई इलाकों में बिजली काट दी गई है। रात करीब 1 बजे X पर पोस्ट करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ने यह भी दावा किया कि सीसीटीवी कैमरे बंद किए जा रहे हैं और गाड़ियां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के स्ट्रांगरूम में घुस रही हैं।
उन्होंने बंगाली में लिखा, “सावधान रहें। पहरा दें। रात में जागते रहें। शिकायत दर्ज कराएं। मुझे कई जगहों से खबरें मिल रही हैं कि जानबूझकर बिजली कटौती की जा रही है। हुगली के सेरामपुर, नादिया के कृष्णानगर, बर्दवान के औशग्राम से लेकर कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र तक, ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां चरणबद्ध तरीके से बिजली कटौती की जा रही है, सीसीटीवी कैमरे बंद किए जा रहे हैं और गाड़ियां स्ट्रांगरूम में आ-जा रही हैं।”
चौथी बार चुनाव लड़ रही बनर्जी ने कहा, "मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करती हूं: जिस तरह मैं हर चीज पर नजर रखने के लिए रात भर जागती हूं, आप भी रात भर जागकर जनता के वोटों की रक्षा करें। अगर कोई कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति पैदा करता है, तो उसे घेर लें, तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें।"
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब "भाजपा के इशारे पर" किया जा रहा है।
उन्होंने रविवार शाम को भाबानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से, जहां से वह दोबारा चुनाव लड़ रही हैं, अपनी पार्टी के मतगणना एजेंटों के साथ एक बैठक की थी।
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हुए थे, और वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू होनी है।
294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए होती हैं। लेकिन फल्टा सीट पर दोबारा मतदान (री-पोल) के आदेश के कारण फिलहाल 293 सीटों के ही नतीजे जारी किए जाएंगे।
फल्टा सीट की वोटों की गिनती 21 मई को होगी
2011 में 35 साल के CPM शासन को उखाड़ फेंकने के बाद से लगातार तीन कार्यकाल जीतने वाली ममता बनर्जी के लिए यह अब तक का सबसे कठिन चुनाव साबित हो सकता है।
71 वर्षीय नेता को पूरा भरोसा है कि टीएमसी 2026 में 226 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगी।
ममता बनर्जी ने चुनाव के बाद कहा था, “हम 230 सीटें भी पार कर सकते हैं। मुझे जनता द्वारा दिए गए भारी जनादेश पर पूरा भरोसा है।” हालांकि, पांच एग्जिट पोल ने भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की है।