वोटिंग के बीच पश्चिम बंगाल में ऐसा क्या हो गया कि चुनाव आयोग ने कर दी री-पोल वाली बात?

West Bengal Voting: पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने इस मामले पर कहा कि अगर किसी भी पोलिंग बूथ पर EVM के किसी बटन को टेप से ढकने की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच की जाएगी और सही पाए जाने पर वहां दोबारा मतदान (री-पोल) कराया जाएगा

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 1:08 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal Voting: वोटिंग के बीच पश्चिम बंगाल में ऐसा क्या हो गया कि चुनाव आयोग ने कर दी री-पोल वाली बात?

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान डायमंड हार्बर सीट के तहत फल्टा इलाके के कई बूथों पर वोटरों को बीजेपी को वोट देने से रोका गया। उनका कहना है कि कई जगहों पर EVM में बीजेपी वाले बटन को टेप से ढक दिया गया था, जिससे लोग चाहकर भी बीजेपी को वोट नहीं दे पाए। मालवीय ने इसे “डायमंड हार्बर मॉडल” बताया और जहां-जहां ऐसा हुआ है, वहां दोबारा मतदान (री-पोल) कराने की मांग की।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “ममता बनर्जी जिस जेहांगीर खान का बचाव कर रही थीं, वो फल्टा से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहा है। कई बूथों पर बीजेपी को वोट देने का विकल्प टेप से बंद कर दिया गया, जिससे वोटरों का हक छिन गया। यही तथाकथित ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ है, जिसके जरिए ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा सीट जीती थी।”


बीजेपी नेता ने फल्टा के जिन-जिन बूथों पर ऐसी गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है, वहां तुरंत दोबारा मतदान (री-पोल) कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि बूथ नंबर 189 पर भी इसी तरह की समस्या सामने आई है।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “हम मांग करते हैं कि फल्टा के सभी प्रभावित बूथों पर तुरंत री-पोल कराया जाए। ऐसे कुछ बूथों की जानकारी और सबूत भी दिए गए हैं- फल्टा 144, पार्ट 170, रूम नंबर 2 (हरिंदंगा हाई स्कूल)। बूथ 189 भी इसी तरह से प्रभावित है, और कई अन्य बूथों पर भी ऐसी ही गड़बड़ी हुई है।”

पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने इस मामले पर कहा कि अगर किसी भी पोलिंग बूथ पर EVM के किसी बटन को टेप से ढकने की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच की जाएगी और सही पाए जाने पर वहां दोबारा मतदान (री-पोल) कराया जाएगा।

यह बयान बीजेपी की ओर से डायमंड हार्बर सीट के तहत फल्टा इलाके में गड़बड़ी के आरोप लगाने के बाद आया है। CEO ने साफ कहा, “अगर किसी बटन को टेप से ढकने की रिपोर्ट मिलती है, तो उसे वेरिफाई किया जाएगा और नोट किया जाएगा। अगर शिकायत सही पाई जाती है, तो उस बूथ पर री-पोल कराया जाएगा।”

डायमंड हार्बर सीट पर बीजेपी ने दीपक कुमार हलदर को उम्मीदवार बनाया है, जो टीएमसी के मौजूदा विधायक पन्ना लाल हलदर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

दोनों के बीच यह मुकाबला फिर से हो रहा है, क्योंकि पिछली बार के चुनाव में पन्ना लाल हलदर ने बीजेपी उम्मीदवार को 16,996 वोटों (करीब 7.6%) से हराया था।

Bengal Election 2026 Voting: 'फेक EVM लाए TMC वाले'; पश्चिम बंगाल में वोटिंग के बीच BJP कैंडिडेट का बड़ा आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।