Assi Trailer Out: तापसी पन्नू एक बार फिर से अपने सबसे मजबूत जॉनर के साथ परदे पर आने वाली हैं। वुमेन सेंट्रिक कहानी में उन्हें कई अच्छे और दमदार किरदारों में पहले भी देखा जा चुका है। अपनी अगली फिल्म ‘अस्सी’ के साथ वो एक बार फिर उसी तरह के रोल में लौट रही हैं। लेकिन फिल्म का ट्रेलर उनकी मौजूदगी और एक्टिंग स्किल के साथ जरा भी अन्याय नहीं करता है। तापसी की इस फिल्म का ट्रेलर आज, 04 फरवरी, बुधवार को रिलीज हुआ। ये फिल्म 20 फरवरी को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को अनुभव सिन्हा ने डायरेक्ट किया है, जिन्हें ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत कोई सुकून या रूमानी एहसास पैदा करने वाला नहीं है। इसे देखते हुए मुट्ठियां बंध जाती हैं, घबराहट और बेचैनी हावी होने लगती है। ट्रेलर बहुत कुछ न कहते हुए भी, कहानी का एहसास करा देता है कि ये रेप सर्वाइवर और इंसाफ के लिए उसकी जद्दोजहद पर आधारित है। तापसी को इससे पहले भी कई कोर्ट रूम ड्रामा में देखने के बाद उनकी मौजूदगी जरा भी ऊबाऊ नहीं लगती है। ट्रेलर के आखिरी सीन में उनके चेहरे पर स्याही फेंकी गई है और वो बिना डरे कहती हैं, ‘कल फिर आऊंगी आपके पास एक और रेप के मामले में।’
ये फिल्म समाज के एक अनछुए पहलू को छुएगी जिसमें रेप केस को किस तरह से कोर्ट में डिसमिस कर दिया है, यहां तक कि कई केस तो दर्ज भी नहीं होते हैं. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि तापसी अपनी क्लाइंट या कहें कि एक रेप विक्टिम को इंसाफ दिलवा पाएंगी या नहीं!
फिल्म में तापसी के अलावा रेवती, मनोज पाहवा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, कानी कुसरुति, नसीरुद्दीन शाह, सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक जैसे कलाकारों की टोली है। इस फिल्म को गुलशन कुमार और टी-सीरीज ने पेश किया है और भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा ने इसे प्रोड्यूस किया है।