आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉलीवुड में एक अलग ही पहचान बना ली है। लंबे समय से जहां दर्शक एक जैसी कहानियों और फॉर्मूला फिल्मों से बोर हो चुके थे, वहीं इस फिल्म ने आते ही गेम बदल दिया। साल 2024 में जब इसका ऐलान हुआ था, तब इसे लेकर हल्की-फुल्की उत्सुकता जरूर थी, लेकिन किसी ने इसकी इतनी बड़ी सफलता की कल्पना नहीं की थी। ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टर में नजर आई दमदार स्टारकास्ट ने लोगों का ध्यान खींचा, मगर फिल्म की असली ताकत इसकी कहानी और प्रेजेंटेशन में छिपी थी। रिलीज के बाद ‘धुरंधर’ ने दर्शकों को जिस तरह बांधकर रखा, उसने इसे एक खास फिल्म बना दिया और यही वजह है कि अब इसका क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है।
फिल्म की कहानी हमजा अली मजारी के इर्द-गिर्द घूमती है। शुरुआत IC-814 हाईजैक जैसी गंभीर घटना से होती है, जहां आर. माधवन का किरदार अजय सानियाल देश की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आता है। संसद पर हमले के बाद कहानी असली रफ्तार पकड़ती है और मिशन ‘धुरंधर’ शुरू होता है।
कराची का मिशन और गैंगवार की दुनिया
रणवीर सिंह का किरदार हमजा कराची के ल्यारी इलाके में अंडरकवर मिशन पर जाता है। यहां उसकी मुलाकात खतरनाक गैंगस्टर्स से होती है, जिनमें अक्षय खन्ना का रहमान डकैत और अर्जुन रामपाल का मेजर इकबाल शामिल हैं। गैंगवार, राजनीति और हथियारों की डील के बीच हमजा धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत करता है।
प्यार या प्लान? यालीना की एंट्री
फिल्म में ट्विस्ट तब आता है जब हमजा की मुलाकात यालीना से होती है। दोस्ती कब प्यार में बदल जाती है, ये समझना मुश्किल हो जाता है। लेकिन सवाल बना रहता है—क्या ये सच्चा प्यार है या मिशन का हिस्सा? यही सस्पेंस कहानी को और दिलचस्प बनाता है।
26/11 का कनेक्शन और बदले की कसम
कहानी का सबसे बड़ा झटका तब लगता है जब हमजा को पता चलता है कि जिन हथियारों की डील में वह शामिल था, वही मुंबई के 26/11 हमलों में इस्तेमाल हुए। यहीं से उसका मिशन पर्सनल हो जाता है और वह दुश्मनों को खत्म करने की कसम खाता है।
साजिश, राजनीति और खून-खराबा
राजनीतिक चालों के बीच संजय दत्त का किरदार एसपी असलम एंट्री करता है। रहमान को खत्म करने की साजिश रची जाती है, जिसमें हमजा भी शामिल हो जाता है। अंत में रहमान की मौत के साथ कहानी बड़ा मोड़ लेती है और हमजा का असली सच सामने आता है।
असली पहचान और ‘बड़े साहब’ का रहस्य
फिल्म के अंत में खुलासा होता है कि हमजा असल में जसकीरत सिंह रांगी है, जिसे खास मिशन के लिए तैयार किया गया था। उसकी डायरी में कई बड़े नाम होते हैं, जिनमें ‘बड़े साहब’ का नाम सबसे रहस्यमयी है। माना जा रहा है कि अगली फिल्म में इसी किरदार का खुलासा होगा।
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है इसकी सादगी और डीटेलिंग। बिना ज्यादा शोर-शराबे के फिल्म को पेश किया गया। हर सीन, हर डायलॉग और हर कैरेक्टर को बेहद बारीकी से गढ़ा गया है।
‘धुरंधर 2’ से क्या उम्मीदें?
अब दर्शकों की नजर ‘धुरंधर 2’ पर टिकी है। फैंस को उम्मीद है कि अगली कड़ी में हमजा की पूरी कहानी, ‘बड़े साहब’ का खुलासा और जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये फिल्म सफलता की ऊंचाइयों को छू पाती है या नहीं।