क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17 एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बार वजह बने हैं झारखंड की राजधानी रांची से आए बिप्लब बिस्वास, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और आत्मविश्वास से 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया। उनके खेल का अंदाज शुरू से ही दमदार रहा, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। तेज़ फैसले लेने की क्षमता और सवालों पर मजबूत पकड़ ने उन्हें बाकी प्रतियोगियों से अलग बना दिया। खास बात ये रही कि कई अहम पड़ाव उन्होंने बिना ज्यादा झिझक पार कर लिए। बिप्लब की ये जीत सिर्फ इनाम तक सीमित नहीं रही, बल्कि ये मेहनत, ज्ञान और आत्मविश्वास की मिसाल भी बन गई।
