Bengaluru Woman Death Case: बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के अडुगोडी थाना क्षेत्र में एक 34 साल की महिला का शव संदिग्ध हालात में उसके किराए के घर में मिला। घटना मंगलवार शाम को तब सामने आई जब पड़ोसियों ने उसके कमरे से दुर्गंध आने की शिकायत की। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला। वह कमरे के अंदर बिना कपड़ों के पाई गई। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसकी मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी।
बता दें कि महिला पिछले ढाई साल से मुनिकृष्णप्पा लेआउट में अकेली रह रही थी। पहले वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी, लेकिन मौत के समय वह बेरोजगार थी। जांच के दौरान उसका पुराना कंपनी आईडी कार्ड बरामद हुआ।
पुलिस को कमरे से मिली अजीब चीजें
इसके अलावा, कमरे में कुछ अजीब चीजें भी मिलीं। पुलिस को वहां फटे हुए कागज और ड्रॉइंग्स मिलीं। दीवारों पर कई हाथ से लिखे नोट चिपके थे, जिन पर “peace”, “ego”, “trust”, “satisfaction”, “love” और “solo love” जैसे शब्द लिखे थे। पुलिस को शक है कि वह गहरे डिप्रेशन में थीं और अकेले रह रही थीं।
उसके हाथों और गर्दन पर चोट के निशान भी थे, जिसके चलते पुलिस ने कई एंगल से जांच शुरू की।
घर की मालकिन जनकम्मा के अनुसार, मृतक महिला को आखिरी बार गुरुवार को देखा गया था। उन्होंने बताया, “वह दो साल से अधिक समय से यहां अकेली रहती थी। कुछ लड़के उससे मिलने आते थे और जोर-जोर से बातें करते थे। आज पड़ोसियों ने दुर्गंध की शिकायत की। जब हमने जाकर देखा, तो हमने पुलिस को सूचना दी। पुलिस शाम करीब 6:30 बजे पहुंची और शव बरामद किया।”
पुलिस महिला के परिवार और दोस्तों की तलाश में जुटी
पुलिस ने उसके दोस्तों और परिवार का पता लगाना शुरू कर दिया है और झारखंड में उसके माता-पिता को खोजने के प्रयास जारी हैं। वे उन पुरुषों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जो उससे मिलने आते थे और नोट्स में लिखे गए नाम की जांच कर रहे हैं।
कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
इसके अलावा, जांचकर्ताओं को पिछले तीन महीनों से उसके फोन पर कोई इनकमिंग या आउटगोइंग कॉल नहीं मिली है। पुलिस ने उसके संपर्कों का पता लगाने के लिए एक साल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) मांगा है। आर्थिक पहलुओं की भी जांच की जा रही है, क्योंकि उसने कथित तौर पर 2025 में अपनी नौकरी छोड़ दी थी और उसके बाद से वह काम नहीं कर रही थी। पुलिस ने उसके बैंक से लेनदेन की जानकारी मांगी है और उसकी पुरानी कंपनी से भी यह जानने के लिए नोटिस भेजा है कि उसने नौकरी क्यों छोड़ी थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि महिला ने डिप्रेशन में आकर कोई गलत कदम उठाया होगा, लेकिन शरीर पर चोट के निशान और आसपास की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सेंट जॉन्स अस्पताल भेज दिया गया है। परिवार के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।