Pune Cyber Fraud: पुणे में एक 75 साल के डॉक्टर के साथ ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की गई, जिसमें उनसे जालसाजों ने निवेश करने के नाम पर 12.31 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जनवरी के आखिरी हफ्ते में डॉक्टर को एक अनजान नंबर से मैसेज मिला। उस मैसेज में कुछ “सुझाए गए” शेयरों की लिस्ट और एक लिंक दिया गया था।
लिंक पर क्लिक करने पर, उन्हें एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जहां ग्रुप के एडमिन ने खुद को एक बड़ी इंटरनेशनल फाइनेंस कंपनी का सीनियर अधिकारी बताया। पुलिस ने बताया कि उनमें से एक ने खुद को शेयर मार्केट पर किताब लिखने वाला लेखक भी बताया।
जांचकर्ताओं ने कहा कि इस ग्रुप का इस्तेमाल भरोसा जीतने के लिए किया जाता था, और रैकेट का हिस्सा माने जाने वाले इसके सदस्य ऐसे मैसेज पोस्ट करते थे, जिनमें निवेश से बड़ा मुनाफा दिखाया जाता था, ताकि दूसरों को भी पैसे लगाने के लिए फंसाया जा सके।
अलग-अलग बैंकों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया
पुलिस के मुताबिक, “जब डॉक्टर ने दिलचस्पी दिखाई, तो उन्हें एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर भेजा गया जिसका नाम एक बड़ी इंटरनेशनल कंपनी के नाम से मिलता-जुलता था। उनसे पहले पर्सनल और वित्तीय जानकारी ली गई, फिर उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया।“
पुलिस ने बताया कि ट्रांसफर की गए पैसे को फर्जी प्लेटफॉर्म पर निवेश के रूप में दिखाया गया, साथ ही नकली लाभ भी दिखाए गए।
12.31 करोड़ रुपये के 8 लेनेदेन किए
पुलिस ने आगे बताया कि, 7 मार्च से 18 मार्च के बीच, पीड़ित ने कुल 12.31 करोड़ रुपये के आठ लेनदेन किए। जब उन्होंने आगे निवेश करने से इनकार किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी संपत्ति जब्त करने की धमकी दी और उन्हें पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया।
बाद में उस फर्जी ऐप में करीब 54 करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाया गया। लेकिन जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे फिर से धमकी दी गई, जिसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपी और धन के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।