Gwalior Road Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में थातीपुर जैन मंदिर क्षेत्र के पास देर रात हुए एक सड़क हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार तड़के सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जो बस स्टैंड के पास स्थित शीतला माता मंदिर से लौट रहे थे, तभी यह घटना घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि स्कॉर्पियो पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुकी थी और पुलिस उसका पीछा कर रही थी।
CSP अतुल कुमार सोनी ने बताया, "लगभग सुबह 3 बजे, बस स्टैंड के पास स्थित शीतला माता मंदिर से लौट रहे परिवार के सदस्यों की एक दुखद घटना में मौत हो गई। इस मामले में एक स्कॉर्पियो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ड्राइवर बस स्टैंड के पास एक वाहन से टकराने के बाद फरार हो गया था।”
उन्होंने आगे बताया, "हमें सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो ड्राइवर बस स्टैंड पर एक वाहन से टकरा गया… जैन मंदिर के पास उसकी टक्कर एक ऑटो रिक्शा से हो गई … जिसके चलते 5 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे हैं… कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है।"
पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो ड्राइवर ने पहले बस स्टैंड के पास एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और भागने की कोशिश की। भागते समय, जैन मंदिर के पास उसकी टक्कर एक ऑटो रिक्शा से हो गई, जिससे कई लोगों की मौत हो गई।
घायलों को कराया गया भर्ती
कई घायलों को तत्काल पास के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है।