Ajit Pawar Dies: पीएम मोदी ने शरद पवार से की बात, अजीत दादा के निधन पर जताया दुख
Ajit Pawar Plane Crash: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत तमाम नेताओं ने बुधवार (28 जनवरी) को विमान हादसे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजीत पवार की दुखद निधन पर गहरा शोक जताया। पीएम मोदी ने उनके चाचा शरद पवार से फोन पर भी बात की
Ajit Pawar Plane Crash: अजीत पवार की बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास विमान दुर्घटना में दुखद मौत हो गई
Ajit Pawar Death: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (28 जनवरी) को NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने बारामती विमान दुर्घटना में उनके भतीजे एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया, "प्रधानमंत्री ने शरद पवार से बात की और अजीत पवार के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।" बुधवार सुबह पुणे जिले में विमान हादसे में 66 साल के अजीत पवार समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब विमान जिले के बारामती में उतर रहा था।
इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह विमान दुर्घटना में अजीत पवार की असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने X पर एक पोस्ट में कहा कि अजीत पवार आम लोगों के नेता थे और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ काफी मजबूत थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "अजीत पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे। एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।"
उन्होंने कहा, "प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों एवं वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।"
दिग्गजों ने जताया शोक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पवार की मृत्यु न केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) परिवार, बल्कि उनके लिए भी एक व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा, "आज एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजीत पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है।"
उन्होंने कहा, "अजीत पवार ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वह जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका जाना NDA परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।"
शाह ने कहा, "मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा राजग शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति शांति शांति।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री अजीत पवार जी की एक दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में असामयिक मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्ध कर देने वाली है। उनका जाना भारतीय राजनीति विशेष रूप से महाराष्ट्र के लिए, एक अपूरणीय क्षति है।"
उन्होंने कहा, "शोकाकुल परिजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहनने की शक्ति और संबल प्रदान करें।"
पवार की मृत्यु पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शोक प्रकट करते हुए X पर एक पोस्ट में कहा, "आज सुबह एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत से मैं बहुत दुखी हूं।"
उन्होंने कहा, "राज्य के विकास और शासन में पवार के योगदान की अमिट छाप रहेगी, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा और जन कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति"
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "महाराष्ट्र के बारामती में विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत अन्य लोगों की आकस्मिक मौत का अत्यंत हृदयविदारक समाचार मिला। अजीत की आकस्मिक मृत्यु महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।"
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत पर शोक व्यक्त किया। सिद्धारमैया ने कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में मौत से मैं अत्यंत व्यथित हूं। उनकी मौत जनजीवन के लिए एक अपार क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले।"
शिवकुमार ने कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार की विमान हादसे में असामयिक मौत से मैं स्तब्ध और बेहद दुखी हूं। उनकी आकस्मिक मृत्यु महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, जहां उन्होंने अनुभव और दृढ़ संकल्प के साथ सेवा की।" केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी पवार की मौत पर शोक व्यक्त किया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "आज सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की आकस्मिक मौत से मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी पवार की आकस्मिक मौत पर दुख जताया है। पवार की मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस हादसे की भयावहता को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मैं इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिवारों और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के अध्यक्ष शरद पवार तथा बारामती लोकसभा सीट से सांसद सुप्रिया सुले के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और अन्य लोगों को ले जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में दुर्घटना में मृत सभी लोगों के परिवारों के साथ हैं। मैं उनके प्रियजनों के लिए इस दुख की घड़ी में शक्ति और धैर्य की प्रार्थना करता हूं।"