Anant Singh: बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार ने अपना काम संभाल लिया है। इस बीच बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) विधायक अनंत सिंह से उनकी मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। अनंत सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव और बिहार में शराब बंदी पर ऐसी टिप्पणियां कर दी हैं, जिसपर बातें हो रही हैं। सबसे पहले तो आप यहां नीचे वो वीडियो देखिए जिसमें अनंत सिंह अपनी मुलाकात में हुई बातों को अपने बेबाकी अंदाज में बता रहे हैं।
चुनाव को अलविदा और मोकामा के लिए अस्पताल की मांग
अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि वे अब भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान अपील करते हुए कहा कि हमारी एक ही मांग है कि मोकामा की जनता के लिए एक शानदार अस्पताल बनवा दीजिए। उन्होंने तर्क दिया कि मोकामा के लोगों को इलाज के लिए पटना भागना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी और खर्च होता है। सम्राट चौधरी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नीतीश कुमार के बेटे निशांत पर टिप्पणी
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार द्वारा राजनीति में कोई पद न लेने और सादगी से रहने के फैसले पर अनंत सिंह ने उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि निशांत का राजनीति से दूर रहना उनकी अपनी इच्छा है, लेकिन जनता चाहती थी कि वे आगे आएं। अनंत सिंह ने कहा कि निशांत जी अभी सीख रहे हैं, जनता की मांग थी कि वे जिम्मेदारी संभालें, पर उन्होंने अभी मना किया है। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे चाहते हैं कि उनका अपना बेटा राजनीति में आए और समाज की सेवा करे।
तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उनका नाम लेना भी समय की बर्बादी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की अपनी कोई राजनीतिक पहचान नहीं है, वे केवल लालू प्रसाद यादव के बेटे होने के कारण जाने जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनमें ऐसी क्या विशेषता है? वे बस अपने पिता के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
शराबबंदी कानून को हटाने की वकालत
बिहार में लागू शराबबंदी कानून पर अनंत सिंह ने बेबाक राय रखते हुए इसे विफल बताया। उन्होंने सरकार से मांग की कि शराबबंदी को खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि शराबबंदी के बावजूद लोग छुप-छुप कर पी रहे हैं। इससे जहरीली शराब का खतरा बढ़ गया है और युवा गलत रास्तों पर जा रहे हैं। सरकार को इसे चालू कर देना चाहिए ताकि राजस्व भी आए और लोग सुरक्षित रहें।