बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 37 साल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आदमी का कहना है कि उसकी पत्नी शिल्पा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करती थी, जबकि सास आशा और ससुर माधव कृष्ण लगातार उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल देते थे।
FIR के मुताबिक, यह व्यक्ति नागरभावी का रहने वाला है और उसने शिल्पा से बेंगलुरु में शादी की थी। शादी के बाद दोनों जक्कुर इलाके में एक विला में रहने लगे। लेकिन कुछ समय बाद ही विवाद शुरू हो गया। शिकायत में कहा गया है कि सास उसे घर में घुसने तक नहीं देती थी और अपनी बेटी को उससे अलग होकर किसी “अमीर आदमी” से शादी करने के लिए उकसाती थी। वहीं ससुर पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को भेजकर उसे धमकाया।
पति ने अपनी पत्नी पर और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पत्नी उसकी आर्थिक स्थिति का मजाक उड़ाती थी और अपने “अमीर दोस्तों” के साथ पार्टी और शराब पीने में ज्यादा समय बिताती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आपत्तिजनक वीडियो भेजकर उसे वैसा ही करने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि पत्नी ने उसे अपनी एक दोस्त के साथ जबरन निजी संबंध बनाने के लिए भी दबाव डाला और उनकी निजी बातें दूसरों से साझा करने की जिद की।
शिकायत के अनुसार, परिवार के बीच मामला सुलझाने की कोशिश भी हुई थी और 4 जुलाई 2024 को बैठक रखी गई थी। लेकिन 24 सितंबर 2024 को उसे घर से निकाल दिया गया और पत्नी को उसकी मां चेन्नई ले गई। आदमी का कहना है कि उसे सिर्फ अपने कपड़े और लैपटॉप लेकर जाने दिया गया।
उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके 1.87 लाख रुपए कैश, सोना-चांदी के गहने, जरूरी दस्तावेज जैसे पासपोर्ट और एजुकेशनल सर्टिफिकेट और घर का सामान अभी भी उसी विला में है और उसे वापस नहीं दिया जा रहा। साथ ही, उसके लैपटॉप में रखी शादी की फोटो और वीडियो भी डिलीट कर दी गईं, जिससे उसे और मानसिक झटका लगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं, खबर है कि पत्नी की तरफ से भी पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं और तमिलनाडु में अलग से केस दर्ज किया गया है। यानी यह मामला अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।