बेंगलुरु के कोथानूर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक एक कपल ने आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान भानु चंद्र रेड्डी और उनकी पत्नी शाज़िया के रूप में हुई है। दोनों ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। बता दें कि, एक ही दिन में चंद मिनटों के अंतराल पर हुई पति-पत्नी की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को भानु चंदर रेड्डी कुंटा ने अपने अपार्टमेंट के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया।
पहले पति ने फिर पत्नी ने दी जान
रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना के सिद्धिपेट जिले के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर भानु चंद्र रेड्डी कुंटा (32) ने सोमवार को अपने अपार्टमेंट के एक कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी पत्नी बीबी शाज़िया सिराज (31), जो आईबीएम कंपनी में काम करती थीं, को तब शक हुआ जब कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
पत्नी ने 17वीं मंजिल से लगाई छलांग
चिंतित होकर उन्होंने तुरंत अपार्टमेंट के सुरक्षा कर्मचारियों और पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद लोगों ने मिलकर दरवाज़ा तोड़ा और अंदर देखा तो भानु कमरे में फंदे से लटके हुए मिले। रिपोर्ट के अनुसार, अपने पति का शव देखने के कुछ ही समय बाद शाज़िया ने भी उसी बिल्डिंग की 17वीं मंज़िल से कूदकर जान दे दी।
पुलिस ने तेलंगाना में परिवार वालों की शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मौत के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इस बीच, जांच कर रहे अधिकारी अलग-अलग कारणों की पड़ताल कर रहे हैं, जिनकी वजह से यह घटना हुई हो सकती है। इनमें स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं, आपसी रिश्तों में तनाव और मानसिक दबाव जैसी बातें शामिल हैं। अधिकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रहे हैं, जिससे पूरे मामले की स्थिति और साफ हो सकेगी।