बिहार की राजनीति में भले ही परिवर्तन हो गया है पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार पहले जैसा ही दिखाई दे रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार का ताजा नजारा बिहार विधानसभा में शुक्रवार को दिखाई दिया। बिहार विधानसभा में एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी थे तो दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव। दोनों ही नेताओं के बीच विधानसभा में आरोप-प्रत्यारोप का एक दौर चला। अब इस राजनीतिक तकरार का वीडियो भी सामने आया है।
सीएम सम्राट चौधरी ने सुनाया ये किस्सा
सीएम सम्राट चौधरी ने विधानसभा में कहा कि सत्ता किसी की निजी विरासत नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव ने उन्हें जेल भिजवाया था। सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि अगर नीतीश कुमार का साथ न होता, तो लालू यादव मुख्यमंत्री नहीं बन पाते। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार ने ही लालू यादव को मुख्यमंत्री बनने में मदद की थी। उन्होंने आगे कहा कि अगर लालू यादव ने उनके राजनीतिक जीवन में दखल न दिया होता, तो शायद वह आज बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन पाते।
वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आरजेडी को आड़े हाथ लेते हुए कहा, 'लालू जी को भी सीएम नीतीश कुमार ने बनाया, यह आपको जानकारी होनी चाहिए। कोई किसी के पाठशाला से नहीं होता। मैं तो कहता हूं कि मेरी राजनीति में लालू यादव का अत्याचार नहीं होता तो मैं बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बन पाता। ना जेल जाता, ना राजनीति में आता। मैं तो दूसरे रास्ते पर चल रहा था। गलतफहमी में मत रहिए, कोई किसी की पाठशालन नहीं है। यह लोकतंत्र है।"