Get App

Bihar Crime News: बिहार में अपराधी अभी भी बेलगाम! समस्तीपुर में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, थानाध्यक्ष निलंबित

Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में बीजेपी के एक नेता की गोली मारकर हत्या की घटना पर विपक्षी RJD ने कहा है कि प्रदेश में आम जनता भगवान भरोसे ही है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश करार दिया है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Dec 25, 2025 पर 4:23 PM
Bihar Crime News: बिहार में अपराधी अभी भी बेलगाम! समस्तीपुर में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, थानाध्यक्ष निलंबित
Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर में बीजेपी सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई

Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रूपक साहनी के रूप में हुई है। बुधवार (24 दिसंबर) शाम वह खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर स्थित अपनी दुकान में मौजूद थे, तभी एक एसयूवी से आए हथियारबंद बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोली चलाई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस घटना का कारण पुरानी रंजिश को माना जा रहा है। घटना के बाद कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में खानपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।

समस्तीपुर के SP अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, "अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।" मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि रूपक साहनी को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बीजेपी नेता की हत्या के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। आम जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर है।" दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा था कि अपराध को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक मंच से अपने संबोधन में मंत्री ने कहा था कि उनका काम कचरा साफ करना है। वह यह काम कर रहे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें