Bulandshahr : जिम में ट्रिपल मर्डर, बर्थडे पार्टी में चेहरे पर लगाया केक तो शख्स ने 3 दोस्तों को मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, जन्मदिन के दौरान चेहरे पर केक लगाने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी के रूप में हुई है। तीनों को कई गोलियां मारी गईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 3:24 PM
Story continues below Advertisement
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बर्थडे पार्टी में हुई कहासुनी ने ऐसा रूप ले लिया कि तीन लोगों की हत्या कर दी गई। बुलंदशहर के खुर्जा नगर इलाके में शनिवार रात एक खुशियों भरा जन्मदिन समारोह अचानक तिहरे हत्याकांड में बदल गया। पुलिस के अनुसार, रविवार को बुलंदशहर जिले में एक जिम में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई कहासुनी के बाद वार्ड पार्षद के परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हुआ आरोपी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सुभाष मार्ग पर स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में हुई। यहां 33 वर्षीय जिम संचालक जीतू सैनी ने एक समारोह आयोजित किया था। रात करीब 11 बजे जब कई युवक वहां मौजूद थे, तभी जीतू सैनी और वार्ड 24 के पार्षद संजय सैनी के चचेरे भाई 35 वर्षीय अमरदीप के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले यह झगड़ा गाली-गलौज से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर में अमरदीप का 32 वर्षीय भाई मनीष भी इसमें शामिल हो गया और मामला और ज्यादा गंभीर हो गया। इस मामले में शामिल आरोपी मयंक सैनी को पुलिस और स्वाट टीम ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मयंक के पास आला कत्ल की बरामदगी के ली गई है।


केक लगाने की बात पर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, जन्मदिन के दौरान चेहरे पर केक लगाने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी के रूप में हुई है। तीनों को कई गोलियां मारी गईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्य आरोपी जीतू सैनी (सुभाष हलवाई का बेटा) अपने कुछ साथियों के साथ घटना के बाद से फरार है। यह पूरा मामला एक स्थानीय जिम से शुरू हुआ था और बाद में पास के एक घर तक पहुंच गया, जहां लोग जीतू सैनी का जन्मदिन मना रहे थे।

बड़े झगड़े में बदली मामूली बात

बताया जा रहा है कि जब मृतकों में से एक ने जीतू सैनी के चेहरे पर केक लगाया, तो वह गुस्सा हो गया। इसी बात पर बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े में बदल गई। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, संजय सैनी ने घटना का डरावना विवरण बताते हुए आरोप लगाया कि शुरुआत में आरोपी वहां से चले गए थे, लेकिन कुछ समय बाद वे हथियारों के साथ फिर लौट आए। उन्होंने बताया कि उन्हें आरोपियों की तरफ से एक फोन आया था, जिसमें कहा गया कि उनका भाई अमरदीप उन्हें गालियां दे रहा है। संजय ने माहौल शांत करने की कोशिश की और उनसे कहा कि इस विवाद को सुबह आराम से सुलझा लिया जाएगा, क्योंकि उन्हें एक शादी में जाना था।

मारी दी गोली

कुछ ही देर बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 7 से 8 लाइसेंसी हथियार इकट्ठा किए और फिर से घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने मनीष सैनी और आकाश सैनी को भी वहीं बुला लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही ये लोग वहां पहुंचे, आरोपियों ने तुरंत गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे किसी को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला। अंतरिक्ष जैन (पुलिस अधीक्षक ग्रामीण) ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा नगर थाने को गोलीबारी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारी के अनुसार, तीनों घायल युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।