देश में कब शुरू होगी जातिगत जनगणना, सरकार ने बता दी तारीख, प्रॉपर्टी की भी जुटाई जाएगी जानकारी

Caste Census : गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि जनगणना के लिए कितना खर्च किया जाएगा, इसका अनुमान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) को अपडेट करने का कोई फैसला नहीं हुआ है

अपडेटेड Jul 29, 2025 पर 11:30 PM
Story continues below Advertisement
Caste Census: देश में कब शुरू होगी जनगणना, सामने आई ये बड़ी जानकारी

Caste Census : केंद्र सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि देश में जाति आधारित जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी और यह प्रक्रिया 1 मार्च 2027 तक पूरी हो जाएगी। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक लिखित जवाब में बताया कि सरकार ने 16 जून 2025 को नोटिफिकेशन के माध्यम से जनगणना कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, "जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और आवास जनगणना की जाएगी, जिसमें हर परिवार की रहन-सहन की स्थिति, संपत्ति और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।" सरकार ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया तय समय पर पूरी की जाएगी।

जनगणना के दूसरे चरण में होगी जाति की गिनती

सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी कि जनगणना के दूसरे चरण में देश की पूरी आबादी की गिनती की जाएगी। इस चरण में हर घर के हर व्यक्ति की जनसंख्या से जुड़ी जानकारी जैसे उम्र, लिंग, शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, संस्कृति और अन्य विवरण इकट्ठा किए जाएंगे। इसी चरण में जाति की गिनती भी की जाएगी। सरकार ने बताया कि जनगणना के लिए मुख्य तारीख 1 मार्च 2027 की रात 10 बजे तय की गई है। हालांकि, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले और दुर्गम इलाकों में यह काम थोड़ी पहले, 1 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे पूरा किया जाएगा।

पहाड़ी राज्यों में पहले होगी जनगणना

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि जनगणना के लिए कितना खर्च किया जाएगा, इसका अनुमान तैयार किया जा रहा हैउन्होंने यह भी कहा कि अभी तक राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) को अपडेट करने का कोई फैसला नहीं हुआ है। जनगणना कराने की योजना पहले ही अधिसूचित कर दी गई है।  सरकार ने इससे पहले 4 जून को बताया था कि अगली जनगणना देशभर में 1 मार्च, 2027 तक पूरी कर ली जाएगी। लेकिन लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे बर्फीले क्षेत्रों में यह काम 1 अक्टूबर, 2026 तक पूरा हो जाएगा।


जनगणना को लेकर शुरू हुईं तैयारियां

केंद्र सरकार ने बताया है कि जनगणना-2027 के अंतिम आंकड़े 2030 तक, यानी 2029 के लोकसभा चुनावों के बाद जारी होने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने अपने एक आधिकारिक बयान में कहा, "जनगणना-2027 को जाति गणना के साथ दो चरणों में किया जाएगा। इस जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 1 मार्च, 2027 की रात 12 बजे तय की गई है।" इसके अलावा, 22 जुलाई को गृह मंत्रालय ने लोकसभा को बताया कि जनगणना-2027 की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं। इस प्रक्रिया की योजना और संचालन पर चर्चा करने के लिए इस महीने की शुरुआत में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के जनगणना संचालन निदेशकों ने भाग लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।