Delhi Road Accident: दिल्ली के करोल बाग में भीषण हादसा! झंडेवालान मंदिर के पास बस पलटने से 2 लोगों की मौत, 23 यात्री घायल

Delhi Bus Accident: दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार (25 मार्च) तड़के करोल बाग इलाके के पास एक स्लीपर बस पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कम से कम 23 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस में करीब 25 यात्री सवार थे

अपडेटेड Mar 25, 2026 पर 9:23 AM
Story continues below Advertisement
Delhi Road Accident: दिल्ली के करोल बाग इलाक में एक स्लीपर बस पलटने से दो लोगों की मौत हो गई

Delhi Road Accident: दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार (24 मार्च) देर रात एक ‘स्लीपर बस’ पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई। पीटीआई के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 23 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना देर रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल सेवा की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गई। बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

अधिकारी ने बताया कि यह बस जयपुर से आई थी। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बुधवार सुबह न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "कल देर रात दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास एक बस बेकाबू होकर पलट गई।"

फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, "राजस्थान से आई एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई। उन्हें रात 1:10 बजे कॉल मिली थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। कुछ लोग घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।"


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा रात करीब एक से 1:30 के बीच हुआ। बस काफी तेज रफ्तार में थी। लोगों का कहना है कि स्पीड 80 से 100 के बीच रही होगी। बस ने संतुलन खोने के बाद एक-दो बार पलटी खाई। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। एक चश्मदीद ने बताया कि बस पलटने के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। अंदर कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे।

एक छोटा बच्चा सीटों के बीच फंस गया था, जबकि एक महिला भी बुरी तरह फंसी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और करीब 100-150 लोगों ने मिलकर बस को संभालते हुए घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सभी यात्रियों को बाहर निकालने में करीब आधा से एक घंटा लग गया। कई लोग खून से लथपथ थे और दर्द से कराह रहे थे। कुछ लोगों ने बताया कि 8-10 लोग गंभीर रूप से घायल थे।

एक व्यक्ति ने IANS से कहा कि उसने खुद एक छोटी बच्ची को उठाकर बाहर निकाला, जबकि एक 5-6 साल के बच्चे को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीसीआर वैन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

ये भी पढ़ें- Gujarat UCC Bill: गुजरात में यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक को मंजूरी, लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वालों को करना होगा ये काम

फिर एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जिनमें से कई को राम मनोहर लोहिया (RLM) अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि ड्राइवर शायद झपकी ले रहा था, जिसकी वजह से बस अनियंत्रित हो गई। फिलहाल, दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।