Tigers Dead in Karnataka: कर्नाटक में गुरुवार (26 जून) को एक ही दिन में पांच बाघों की मौत होने से राज्य में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने इसे राज्य में एक ही स्थान पर एक दिन में पांच बाघों की मौत का सबसे खराब मामला बताया है। ऐसा माना जा रहा है कि बाघों की मौत जहर के कारण हुआ है, क्योंकि पास में ही एक गाय का शव मिला है। कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खांड्रे ने गुरुवार (26 जून) को हुग्याम वन रेंज के माले महादेश्वर हिल्स में एक बाघिन और चार शावकों की अप्राकृतिक मौत की जांच के आदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि बाघिन और शावक गुरुवार सुबह मृत पाए गए। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए खांड्रे ने तुरंत मामले की जांच के आदेश दिए। उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) की अगुवाई में एक टीम जांच करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाघिन की मौत जहर के कारण हुई है। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। खांड्रे ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए हैं।
माना जा रहा है कि 11 वर्षीय बाघिन ने गाय को मारकर खा लिया। उसके बाद अपने बच्चों के साथ जहर वाले मांस को खाने चली गई। जहरीले मांस को खाने से सभी की मौत हो गई। गाय का शव बाघों के शवों से करीब 50 मीटर दूर मिला। चामराजनगर सर्कल के मुख्य वन संरक्षक टी. हीरालाल ने कहा, "प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह संदेह है कि बाघों की मौत जहर वाली गाय को खाने से हुई है। हमें बाघ और गाय दोनों के शरीर में जहर के अंश मिले हैं।"
जहर के प्रकार और मात्रा के बारे में पूछे जाने पर हीरालाल ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा। उन्होंने कहा, "हमने बाघों और गाय के शवों का पोस्टमार्टम करवाया है। हमने आवश्यकतानुसार दिल, गुर्दे और अन्य अंग भी एकत्र किए हैं। हम उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजेंगे। उसके बाद ही हम मौत का सही कारण बता सकते हैं।"
इस बीच, अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि गाय बाघ वहां कैसे पहुंची। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गाय अपने आप जंगल में भटक गई थी या कोई उसे यहां लेकर आया था। हमने जांच में मदद के लिए एक टीम को लगाया है।"
सूत्रों ने etvbharat.com को बताया कि कर्नाटक पुलिस ने इस मामले के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बीच, वन मंत्री ईश्वर खांड्रे बाघों की दुखद मौतों के बारे में डिटेल्स जानकारी लेने के लिए शुक्रवार को टाइगर रिजर्व का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने एक बयान में कहा कि जांच पूरी होने के बाद बाघों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।