Get App

पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन की नई पारी, FLY91 में शामिल हुए, जानिए क्या है ये

भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई पारी शुरू की है। अभिनंदन वर्धमान गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 (FLY91) में एक पायलट के रूप में शामिल हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने अगस्त में इस एयरलाइन को ज्वाइन किया है।

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 03, 2026 पर 9:15 AM
पाकिस्तान के F-16 को गिराने वाले एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन की नई पारी, FLY91 में शामिल हुए, जानिए क्या है ये
उन्हें 2021 में देश के तीसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पदक वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

Abhinandan Varthaman career update: साल 2019 में पाकिस्तान के साथ हुई हवाई झड़प के दौरान दुश्मन के लड़ाकू विमान को मार गिराने वाले भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने अपने करियर की नई पारी शुरू की है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अभिनंदन वर्धमान गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 (FLY91) में एक पायलट के रूप में शामिल हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने अगस्त में इस एयरलाइन को ज्वाइन किया है।

एयरलाइन ने इस डेवलपमेंट पर क्या कहा?

अभिनंदन से जुड़ी ये खबर सामने आने के बाद जब इस संबंध में संपर्क किया गया तो FLY91 के एक प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी एक निजी मामला है। इस संबंध में बाकी की डिटेल जानकारी अभी हासिल नहीं की जा सकी है।

2019 की हवाई जंग के बाद मिला था वीर चक्र सम्मान

भारतीय वायु सेना के फाइटर पायलट अभिनंदन वर्धमान ने 2019 में पाकिस्तान के साथ हुई हवाई झड़प के दौरान दुश्मन का जेट गिरा दिया था। इस दौरान उन्हें तीन दिनों तक पाकिस्तान में बंदी बनाकर रखा गया था। उनके द्वारा दिखाए गए असाधारण साहस और वीरता के लिए उन्हें साल 2021 में देश के तीसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पदक वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

क्या है FLY91 एयरलाइन?

FLY91 गोवा में स्थित एक क्षेत्रीय एयरलाइन है। इसने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। मौजूदा समय में यह एयरलाइन 6 ATR 72-600 विमानों के बेड़े का संचालन करती है। इस एयरलाइन के मुख्य रूप से दो बेस गोवा और हैदराबाद में हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें