Get App

Ghaziabad: गाजियाबाद में तलवार बांटने वाला पिंकी चौधरी गिरफ्तार, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन

पुलिस ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में दर्ज किया गया है। इसमें धारा 191(2) के तहत दंगा करने का आरोप, धारा 191(3) के तहत घातक हथियारों के साथ दंगा करने का आरोप और धारा 127(2) के तहत गलत तरीके से किसी को बंदी बनाने का मामला शामिल है

MoneyControl Newsअपडेटेड Jan 06, 2026 पर 6:53 PM
Ghaziabad: गाजियाबाद में तलवार बांटने वाला पिंकी चौधरी गिरफ्तार, पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन
पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।

गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को हिंदू रक्षा दल (HRD) के प्रमुख भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी और उनके बेटे हर्ष चौधरी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पिछले हफ्ते शालीमार गार्डन कॉलोनी में संगठन के ऑफिस में हथियार बांटने के मामले में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 दिसंबर की है। आरोप है कि हिंदू रक्षा दल के कुछ सदस्यों ने शालीमार गार्डन के X-2 इलाके में अपने ऑफिस के पास तलवारें और अन्य हथियार बांटे थे। संगठन की ओर से कहा गया था कि ये हथियार “आत्मरक्षा” के लिए हैं, अगर भारत में भी बांग्लादेश जैसी स्थिति बनती है।

बांटा जा रहा था हथियार

पुलिस ने बताया कि 29 दिसंबर को ही उन्हें हथियार बांटने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद तुरंत मामले की जांच शुरू की गई और सबूत जुटाने के बाद कार्रवाई की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शालीमार गार्डन पुलिस स्टेशन में करीब 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, वीडियो में कई लोग हाथों में तलवारें लिए हुए नजर आ रहे थे। वे भड़काऊ नारे लगा रहे थे और हिंसक प्रदर्शन में शामिल थे।

दर्ज किया गया केस 

पुलिस ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में दर्ज किया गया है। इसमें धारा 191(2) के तहत दंगा करने का आरोप, धारा 191(3) के तहत घातक हथियारों के साथ दंगा करने का आरोप और धारा 127(2) के तहत गलत तरीके से किसी को बंदी बनाने का मामला शामिल है। पिछले हफ्ते पुलिस ने इस मामले में संगठन के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में कपिल कुमार, श्याम प्रसाद, अरुण जैन, रामपाल, अमित सिंह, अमित कुमार, अमित अरोड़ा, मोहित कुमार, देवेंद्र बघेल और उजाला सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से आठ तलवारें भी बरामद की हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चौधरी के कहने पर संगठन के ऑफिस में इकट्ठा हुए थे। उन्होंने यह भी बताया कि तलवारें भी चौधरी के निर्देश पर ही मंगवाई गई थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दक्षिणपंथी संगठन हिंदू रक्षा दल के कुछ सदस्य खुले तौर पर लोगों को तलवारें और कुल्हाड़ियां बांटते हुए नजर आए। संगठन का दावा था कि ये हथियार बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों की खबरों को देखते हुए “आत्मरक्षा” के लिए दिए जा रहे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें