उत्तर प्रदेश में हीटवेव यानी लू का असर अब प्रचंड रूप धारण कर चुका है। इस बीच यूपी के बांदा में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। शनिवार को बांदा में अधिकतम तापमान 47.4°C दर्ज किया गया, जिसने अप्रैल महीने के पिछले सभी रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। अप्रैल महीने में 47.4°C के रिकार्ड तापमान के साथ बांदा प्रदेश के साथ-साथ देश में भी सर्वाधिक गर्म रहा। प्रयागराज और वाराणसी देश में क्रमशः चौथे और पांचवें सबसे गर्म शहर रहे। निचले क्षोभमंडल में आ रही गर्म पछुआ हवाओं और महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात (Anti-cyclone) के कारण यूपी इस समय भीषण लू की चपेट में है।
