देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में देश के 20 से अधिक राज्यों के लिए आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में दाखिल हो चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, मध्य अरब सागर, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार-झारखंड के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इस मौसमी बदलाव के कारण 18 जून तक देश के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं और भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है।
