
Indian Navy : पहलगाम में हुए आतंकी हमले और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में आई कड़वाहट के बीच बड़ी खबर आई है। दोनों देशों की नौ सेनाएं आमने-सामने अभ्यास करने जा रही हैं। भारत और पाकिस्तान की नौसेना 11-12 अगस्त को अरब सागर में अपने समुद्री क्षेत्रों के निकट अलग-अलग फायरिंग अभ्यास करेंगी। हालांकि, इस तरह के सैन्य अभ्यास दोनों देशों के लिए नियमित हैं।
बस इतनी रहेगी दूरी
दोनों देशों के ये अभ्यास करीब 60 समुद्री मील की दूरी पर होंगे, जो उनकी बढ़ती नौसैनिक मौजूदगी और रणनीतिक महत्व को दिखाता है। इसके अलावा, दोनों नौसेनाओं ने अगले हफ्ते अरब सागर में फायरिंग अभ्यास के लिए अलग-अलग नोटिस भी जारी किए हैं।
जारी हुआ ये नोटिस
जारी नोटिस के मुताबिक, भारतीय नौसेना 11 से 12 अगस्त तक गुजरात के पोरबंदर और ओखा तट के पास समुद्री अभ्यास करेगी। आमतौर पर ऐसे सैन्य अभ्यास दोनों देशों में होते रहते हैं, लेकिन इस बार इनका समय और नज़दीकी खास चर्चा में है, क्योंकि यह ऑपरेशन "सिंदूर" के बाद हो रहा है। यह ऑपरेशन पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सैन्य कार्रवाई थी, जो पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। इस हमले में 22 अप्रैल को 26 निर्दोष लोगों की हत्या की गई थी। वहीं ऑपरेशन सिंदूर में सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी ठिकानों पर निशाना साधा था।
भारत और पाकिस्तान की वायुसेना पहले ही आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें पाकिस्तान को करारी हार झेलनी पड़ी। भारत ने पाकिस्तान के सभी मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। इसके साथ ही पाकिस्तान के कई शहरों में डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया। पाकिस्तान में होने वाले मिसाइल और ड्रोन हमलों की पहचान करने वाला AWACS विमान भी भारत ने मार गिराया है। वहीं भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के 6 लड़ाकू विमानों के मार गिराया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।