Operation Sindoor : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए सटीक हमलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि "यह बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा"। उन्होंने आगे कहा " हमने इसके बारे में तब सुना जब हम ओवल के दरवाज़े से अंदर जा रहे थे। मुझे लगता है कि लोगों को अतीत की कुछ घटानाओं के आधार पर पता था कि कुछ होने वाला है। वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा"।
इस बीच, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने अमेरिकी NSA और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की है।
वाशिंगटन DC स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, "भारत की कार्रवाई फोकस्ड और सटीक रही है। यह कार्रवाई नपी-तुली और तनाव को और न बढ़ाने पर फोकस्ड रही। किसी भी पाकिस्तानी नागरिक, आर्थिक या सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया है। केवल टारगेटेड आतंकी शिविरों को ही निशाना बनाया गया है।"
इस प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि “हमलों के तुरंत बाद”, एनएसए डोभाल ने अमेरिकी एनएसए और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की और “उन्हें की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है।” विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने एक क्रूर और जघन्य हमले में 26 नागरिकों की हत्या कर दी थी। "भारत के पास विश्वसनीय सुराग, तकनीकी जानकारी, जीवित बचे लोगों के बयान और अन्य साक्ष्य हैं जो इस हमले में पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों की स्पष्ट संलिप्तता की ओर इशारा करते हैं।"
इसमें आगे कहा गया है,"उम्मीद थी कि पाकिस्तान आतंकवादियों और उन्हें समर्थन देने वाले बुनियादी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके बजाय,पाकिस्तान ने इससे इनकार किया है और भारत के खिलाफ झूठे अभियान चलाए हैं।"