Trump Hell-Hole Row: भारत ने गुरुवार (23 अप्रैल) को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'हेलहोल' (hell-hole) वाले विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भारत ने ट्रंप के बयान को अज्ञानतापूर्ण, अनुचित और बेहद खराब करार दिया। नई दिल्ली का यह बयान भारतीय मीडिया के उन सवालों के जवाब में आया है, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर की गई एक रीपोस्ट से पैदा हुए विवाद के बारे में पूछा गया था। उस रीपोस्ट में रेडियो शो होस्ट माइकल सैवेज की टिप्पणियां शामिल थीं, जिसमें भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को 'नरक’ कहा गया था।
इससे पहले इस विवाद पर पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, "हमने कुछ खबरें देखी हैं। मैं यहीं पर इसे छोड़ता हूं।" अब भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता की तरफ से एक डिटेल्स बयान जारी किया गया है।
बयान में कहा गया है, "हमने एक सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में कुछ रिपोर्ट देखी हैं। इन टिप्पणियों को असूचित (uninformed), अनुचित (inappropriate) और बेहद खराब (poor taste) वाली माना जाता है। ये टिप्पणियां भारत-संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) संबंधों की वास्तविकता को बिल्कुल नहीं दर्शाती हैं, जो लंबे समय से परस्पर सम्मान और साझा हितों पर आधारित रहा है। हमने इस संबंध में अमेरिकी दूतावास की प्रतिक्रिया भी देखी है।"
डोनाल्ड ट्रंप के विवादित सोशल मीडिया रीपोस्ट के बाद गुरुवार को अमेरिका ने एक बयान जारी कर मामले को संभालने की कोशिश की। अमेरिका की ओर से कहा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि भारत एक महान देश है, जिसका नेतृत्व उनके अच्छे मित्र कर रहे हैं। अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, "राष्ट्रपति ने कहा है कि भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष पर उनके बहुत अच्छे मित्र हैं।"
हालांकि, प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने भारत को एक महान देश बताने वाली टिप्पणी कहां और कब की थी। सैवेज ने ये टिप्पणियां अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मजात नागरिकता को चुनौती देने वाले एक मामले के संदर्भ में की थीं।" इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्रंप के पोस्ट को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री को चुनाव प्रचार से समय निकालकर इस बारे में प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
खड़गे ने x पर पोस्ट किया, "मोदी जी के प्रिय मित्र "नमस्ते ट्रंप" ने भारत के बारे में अपशब्द कहते हुए और बेहद अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए एक नोट साझा किया है। मोदी जी इन बेतुके बयानों पर बिल्कुल चुप रहते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि मैं इसे यहीं छोड़ता हूं।"
कांग्रेस प्रमुख ने सवाल किया, "नरेंद्र मोदी जी, आप किस बात से डर रहे हैं?" कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "अमेरिका की सफलता में भारतीय मूल के लोगों ने अहम भूमिका निभाई है। अमेरिकी सरकार के उच्चतम स्तर पर इसे उठाने से हमें कौन रोक रहा है?" उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के चुनाव अभियान के बीच, मुझे पूरी उम्मीद है कि उन्हें 140 करोड़ भारतीय नागरिकों के आक्रोश पर प्रतिक्रिया देने के लिए कुछ समय मिलेगा।"