IndiGo Crisis: मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद में हाहाकार! सैंकड़ों उड़ानें रद्द, लगातार पांचवे दिन भी एयरपोर्ट्स पर यात्री बेहाल

IndiGo Flight Cancellations: यात्रियों को सबसे बड़ा सवाल यह है कि सामान्य उड़ानें कब से शुरू होंगी। इस पर नागरिक उड्डयन मंत्री और एयरलाइन के CEO ने अलग-अलग समयसीमा दी है। इंडिगो के CEO ने शुक्रवार को कहा कि घरेलू परिचालन 10 से 15 दिसंबर के बीच सामान्य होने की उम्मीद है

अपडेटेड Dec 06, 2025 पर 12:57 PM
Story continues below Advertisement
कई एयरपोर्ट्स पर यात्री भावुक, परेशान और हताश नजर आए

IndiGo Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के फ्लाइट ऑपरेशन में गड़बड़ी शनिवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी है। देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर सैंकड़ों घरेलू उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी चरम पर पहुंच गई है। कई एयरपोर्ट्स पर यात्री भावुक, परेशान और हताश नजर आए। विमानन प्राधिकरणों ने स्थिति पर 'करीबी नजर' बनाए रखने की बात कही है, लेकिन लगातार बिगड़ते शेड्यूल के कारण फिलहाल तत्काल सुधार के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।

प्रमुख शहरों में सबसे ज्यादा असर

इंडिगो के संकट ने देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों पर ऑपरेशन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगभग 400 से अधिक विमानों के बेड़े के साथ सामान्य रूप से प्रतिदिन लगभग 2,300 उड़ानें संचालित करने वाली यह एयरलाइन, गंभीर क्रू की कमी और प्लानिंग में चूक के कारण संघर्ष कर रही है।


मुंबई: सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 109 फ्लाइटें (51 आगमन, 58 प्रस्थान) रद्द हुईं।

दिल्ली (IGI एयरपोर्ट): यहां कुल 86 नियोजित उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 37 प्रस्थान और 49 आगमन फ्लाइटें शामिल हैं।

बेंगलुरु: 63 प्रस्थान और 61 आगमन उड़ानें रद्द हुई हैं, जो कुल 124 उड़ानें हैं।

हैदराबाद: कुल 69 उड़ानें रद्द हुईं (26 आगमन, 43 प्रस्थान)।

पुणे: पुणे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से निर्धारित कुल 42 इंडिगो फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं।

अहमदाबाद: यहां भी स्थिति गंभीर रही, जहां आधी रात (12 AM) से सुबह 6 AM के बीच ही 7 आगमन और 12 प्रस्थान, यानी कुल 19 उड़ानें प्रभावित हुईं। कई यात्रियों ने समय पर जानकारी न मिलने की शिकायत की।

चंडीगढ़: अब तक दस उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिनमें बेंगलुरु, लखनऊ, लेह, श्रीनगर, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों की उड़ानें शामिल हैं। यात्रियों को पहले से जानकारी होने के कारण आज काउंटर पर भीड़ कम दिखी।

त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम): डोमेस्टिक अराइवल की 4 और डिपार्चर की 5 उड़ानें रद्द हुईं, जो दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए थीं।

इंडिगो ने मांगी माफी, फुल रिफंड का किया वादा

शुक्रवार देर रात इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक सार्वजनिक माफी जारी की, जिसमें संकट की गंभीरता को स्वीकार किया गया। आधिकारिक बयान में कहा गया, 'हम दिल से माफी मांगते हैं और समझते हैं कि पिछले कुछ दिन आप में से कई लोगों के लिए कितने कठिन रहे हैं।' एयरलाइन ने माना कि समस्या 'रातोंरात हल नहीं होगी,' लेकिन यात्रियों को आश्वासन दिया कि परिचालन को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही इंडिगो ने पुष्टि की कि रद्द उड़ानों के लिए रिफंड यात्रियों को उनके पेमेंट चैनलों के माध्यम से स्वचालित रूप से जारी किए जा रहे हैं।

कब तक सामान्य होंगे हालात?

यात्रियों को सबसे बड़ा सवाल यह है कि सामान्य उड़ानें कब से शुरू होंगी। इस पर नागरिक उड्डयन मंत्री और एयरलाइन के CEO ने अलग-अलग समयसीमा दी है। इंडिगो के CEO ने शुक्रवार को कहा कि घरेलू परिचालन 10 से 15 दिसंबर के बीच सामान्य होने की उम्मीद है, लेकिन नेटवर्क के विशाल साइज को देखते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि बहाली धीरे-धीरे होगी।

वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने दावा किया कि स्थिति पहले से ही 'हल होने की कगार पर है।' मंत्री ने बताया कि दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में भीड़ काफी कम हो गई है और अधिकांश लंबित यात्रियों की भीड़ को शुक्रवार शाम तक निकाल लिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिगो शनिवार से सीमित स्तर पर परिचालन फिर से शुरू करेगी और आने वाले दिनों में धीरे-धीरे क्षमता बढ़ाएगी। मंत्री के अनुसार, यात्रियों को शनिवार से सुचारू परिचालन दिखना शुरू हो जाना चाहिए, जबकि पूर्ण बहाली में 'कुछ और दिन' लग सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।