'मैं सिर्फ पार्टी का एक कार्यकर्ता बनकर रहना चाहता हूं', मुख्यमंत्री की कुर्सी और पावर शेयरिंग पर डीके शिवकुमार का बड़ा बयान

DK Shivakumar: सिद्धारमैया और उनके बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री वाले समझौते पर पूछे गए सवाल को उन्होंने चतुराई से टाल दिया। उन्होंने कहा, 'हमारे बीच क्या बातचीत हुई, मैं उसे सार्वजनिक नहीं कर सकता'

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 10:33 AM
Story continues below Advertisement
कैबिनेट विस्तार वाले सवाल पर उन्होंने गेंद मुख्यमंत्री के पाले में डाल दी और कहा कि इसके लिए सीएम सिद्धारमैया ही सही व्यक्ति हैं

DK Shivakumar: कर्नाटक की राजनीति में 'पावर शेयरिंग' और मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही अटकलों के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का एक बड़ा बयान आया है। दिल्ली के कर्नाटक भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए पद और पावर से ज्यादा 'पार्टी कार्यकर्ता' की पहचान मायने रखती है। पिछले 45 सालों से कांग्रेस के लिए पसीना बहाने वाले शिवकुमार ने टीम वर्क पर जोर देते हुए नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया।

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह भी पूरे 5 साल के लिए मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, तो शिवकुमार ने सधे हुए अंदाज में जवाब देते हुए कहा, 'मैंने 1980 से पार्टी के लिए बिना रुके काम किया है। मैंने 45 साल इस संगठन को दिए हैं। सत्ता और पद से कहीं ज्यादा, मैं हमेशा एक पार्टी कार्यकर्ता बनकर ही रहना चाहूंगा।'

पावर शेयरिंग और 'ढाई-ढाई साल' का फॉर्मूला


सिद्धारमैया और उनके बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री वाले समझौते पर पूछे गए सवाल को उन्होंने चतुराई से टाल दिया। उन्होंने कहा, 'हमारे बीच क्या बातचीत हुई, मैं उसे सार्वजनिक नहीं कर सकता। हम सबने मिलकर मेहनत की और सरकार बनाई। यह सिर्फ डीके शिवकुमार या सिद्धारमैया की बात नहीं है; हर विधायक और कार्यकर्ता ने पार्टी को सत्ता में लाने के लिए बलिदान दिया है।'

मीडिया में ये दावा किया जा रहा है कि संक्रांति के बाद कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदला जा सकता है। इस सवाल पर शिवकुमार ने तंज कसते हुए कहा, 'ये चर्चाएं सिर्फ मीडिया में हो रही हैं। पार्टी या सरकार के भीतर ऐसी कोई बात नहीं चल रही है।'

राहुल गांधी से नहीं हुई मुलाकात

राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि, 'वह इस बार हाईकमान से नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी कल ही लौटे हैं और वह उन्हें परेशान नहीं करना चाहते'। कैबिनेट विस्तार वाले सवाल पर उन्होंने गेंद मुख्यमंत्री के पाले में डाल दी और कहा कि इसके लिए सीएम सिद्धारमैया ही सही व्यक्ति हैं। जब के.एन. राजन्ना द्वारा राहुल गांधी को लिखे गए पत्र जिसमें चुनाव में शिवकुमार के प्रबंधन पर सवाल उठाए गए थे, के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'हो सकता है मेरे पास पर्याप्त अनुभव न हो, मैं अगली बार अच्छी ट्रेनिंग लेकर आऊंगा।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।