पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के जनरल सेक्रेटरी और सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तड़के करीब 2:30 बजे पुलिस ने अचानक छापेमारी कर दी।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात जबरदस्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के जनरल सेक्रेटरी और सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तड़के करीब 2:30 बजे पुलिस ने अचानक छापेमारी कर दी।
खबरों के मुताबिक, पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस की एक टीम तड़के ढाई बजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। पुलिस उनके पर्सनल सेक्रेटरी सुमित रॉय की तलाश में आई थी, जिन पर रंगदारी (Extortion) का मामला दर्ज है।
शुरुआत में घर के अंदर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को रोकने की कोशिश की। सुरक्षा टीम और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद पुलिस टीम जबरन अभिषेक बनर्जी के घर के अंदर दाखिल हो गई और तलाशी शुरू कर दी।
खबर मिलते ही पहुंचीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
जैसे ही इस आधी रात की रेड की खबर टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को मिली, वे तुरंत अपने भतीजे (अभिषेक बनर्जी) के घर पहुंच गईं। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस टीम से सीधे मुकाबला किया और कड़ी आपत्ति जताई। काफी देर तक चले इस हाई-वॉल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस टीम को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री भी अपने घर के लिए रवाना हो गईं।
शनिवार सुबह अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों (Central Forces) की तैनाती देखी गई। जब पत्रकारों ने इस पर सवाल किया, तो अभिषेक बनर्जी ने सिर्फ इतना कहा, "जाकर जांच एजेंसियों से पूछिए।" वहीं, TMC सूत्रों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे 'राजनीतिक प्रतिशोध' करार दिया है।
अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं
विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद से ही अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। उनके खिलाफ फिलहाल दो अलग-अलग मामलों में जांच चल रही है:
हस्ताक्षर विवाद: पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के पदों की नियुक्तियों से जुड़े एक प्रस्ताव पर TMC विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर के मामले में CID जांच कर रही है। कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से सीआईडी मुख्यालय में करीब 6 घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है। हालांकि, कोलकाता हाई कोर्ट ने उन्हें 21 दिनों तक किसी भी कड़े एक्शन या गिरफ्तारी से राहत दी है।
हेट स्पीच मामला: सीआईडी ने चुनावी अभियान के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में अभिषेक बनर्जी को नया नोटिस थमाया है और उन्हें 16 जून को पेश होने के लिए कहा है।
टीएमसी विधायक मदन मित्रा के घर ED का छापा
शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टीएमसी विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा के दक्षिणेश्वर स्थित आवास पर भी छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित तौर पर हुए नगरपालिका भर्ती घोटाले (Municipality Recruitment Scam) के सिलसिले में की गई है।
जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, मदन मित्रा पर बिचौलियों के जरिए कैश और सोने के रूप में रिश्वत लेकर कमारहाटी सहित अलग-अलग नगरपालिकाओं में अवैध नौकरियां देने का आरोप है। शुरुआती जांच में उनके तार 125 से ज्यादा ऐसी अवैध नियुक्तियों से जुड़े होने की बात सामने आई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।