Maharashtra Civic Polls: महाराष्ट्र लोकल बॉडी चुनावों में 'महायुति' की प्रचंड जीत! BJP बनी सबसे बड़ी पार्टी, MVA का बुरा हाल

Maharashtra Civic Polls: महाराष्ट्र लोकल बॉडी चुनावों में सत्ताधारी 'महायुति' गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की है। नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। BMC चुनाव से पहले विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन को बड़ा झटका लगा है

अपडेटेड Dec 21, 2025 पर 8:01 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Civic Polls: सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने 288 में से 218 निकायों में जीत हासिल की है

Maharashtra Local Body Election Result 2025: महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले 'महायुति' गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की है। 288 स्थानीय निकायों में से ज्यादातार में सत्ताधारी गठबंधन ने जीत हासिल की है। न्यूज 18 के मुताबिक, 'महायुति' ने 288 में से 218 निकायों में जीत हासिल की है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। विपक्षी पार्टियों ने अपनी हार के लिए महाराष्ट्र चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया है।

महाराष्ट्र की 288 नगर परिषद और पंचायत सीटों के नतीजे रविवार (21 दिसंबर) को घोषित हो गए। भारतीय जनता पार्टी ने कुल 129 सीटें जीती हैं। ये नतीजे 2024 के विधानसभा चुनावों में महायुति की शानदार जीत के एक साल बाद आए हैं। ये नतीजे विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के लिए किसी झटके से कम नहीं है।

बीजेपी के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 54 सीटों के साथ दूसरे और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) 37 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है। राज्य की 264 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए वोटिंग लगभग एक दशक बाद 2 दिसंबर को हुई थी। जबकि 20 दिसंबर को लगभग 20 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में चुनाव हुए। वोटों की गिनती रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई।


निकाय चुनावों पर फडणवीस का बयान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में 'महायुति' की सफलता BJP संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा, "यह संगठन और सरकार दोनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान का नेतृत्व किया और मैंने कभी किसी राजनीतिक नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की।"

फडणवीस ने कहा कि उन्होंने विकास एजेंडा, अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर वोट मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि BJP एक बार फिर चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा, "48 प्रतिशत सदस्य BJP के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं। कुल 129 भाजपा उम्मीदवार नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं। 75 प्रतिशत स्थानीय निकायों में महायुति के उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं।"

वहीं, स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मैं वोटर्स को बधाई देता हूं। महायुति लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों में सफल रही। संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले नगर पालिका चुनावों में भी महायुति गठबंधन सफल होगा। BJP ने सेंचुरी बनाई और शिवसेना ने हाफ-सेंचुरी बनाई। मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी बधाई देता हूं। BJP को भी बड़ी सफलता मिली है। शिवसेना महाराष्ट्र में नंबर 2 पार्टी बनकर उभरी है।"

उन्होंने कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवसेना ने महा विकास आघाडी (MVA) की कुल सीटों से अधिक सीटें जीती हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की शानदार सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है।

विपक्ष ने चुनाव आयोग को ठहराया जिम्मेदार

विपक्षी दल कांग्रेस और शिवसेना (UBT) ने रविवार को नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में अपनी हार एक तरह से स्वीकार कर ली। साथ ही चुनाव आयोग पर सत्तारूढ़ 'महायुति' की जीत में मदद करने का आरोप लगाया। पूरे महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना की जीत के बाद कांग्रेस ने राज्य चुनाव आयोग पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद पदों पर जीत हासिल करने वाले पार्टी उम्मीदवारों को बधाई दी।

उन्होंने चुनाव में सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन की मदद करने के लिए राज्य निर्वाचन निकाय को बधाई दी। शिवसेना (UBT) के नेता अंबदास दानवे ने 'महायुति' की जीत का श्रेय धनबल और बाहुबल को दिया। छत्रपति संभाजीनगर में दानवे ने पीटीआई से कहा, "महा विकास आघाडी के घटक दलों की तुलना में महायुति ने अधिक सीट हासिल की हैं, जिसका श्रेय सत्ताधारी दलों द्वारा इस्तेमाल किए गए बाहुबल और धनबल को जाता है।"

दानवे ने इस बात पर जोर दिया कि चुनाव परिणाम अगले महीने होने वाले 29 नगर निगमों के आगामी चुनावों को प्रभावित नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "नगर निकायों के लिए मतदाताओं का आधार विशाल है। मुद्दे भी अलग-अलग हैं। शहरी मतदाता अलग तरह से सोचते हैं।" दानवे ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए गठबंधन की संभावना स्थानीय नेतृत्व पर निर्भर करेगी।

ये भी पढे़ं- PFI की बड़ी साजिश का खुलासा! पाकिस्तान से हथियार खरीदने की कर रहा था कोशिश, NIA का कोर्ट में दावा

इस बीच, नागपुर जिले के कामठी नगर परिषद चुनाव में BJP उम्मीदवार अजय अग्रवाल की 116 मतों से जीत पर कांग्रेस द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद रविवार को मतों की दोबारा गिनती कराए जाने का आदेश देना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल को परिषद का अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस के उनके प्रतिद्वंद्वी शकूर नागानी ने आपत्ति जताई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।