Monalisa Bhonsle: क्या मोनालिसा ने 'लव जिहाद' में फंसकर मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी की? फिल्म निर्देशक का बड़ा दावा, सीएम तक पहुंचा मामला

Monalisa Bhonsle: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई 'कुंभ ब्यूटी' के नाम से पहचान बनाने वाली युवती मोनालिसा भोंसले एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका निजी जीवन है। दरअसल, मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान से शादी कर ली है। कपल ने केरल के एक मंदिर में शादी की। इस शादी को 'लव जिहाद' बताया जा रहा है

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 12:26 PM
Story continues below Advertisement
Monalisa Bhonsle: कुंभ मेले के दौरान प्रसिद्धि हासिल करने वाली मोनालिसा भोंसले फिर चर्चा में हैं

Monalisa Bhonsle: फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान प्रसिद्धि हासिल करने वाली युवती मोनालिसा भोंसले की एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ शादी 'लव जिहाद' का मामला है। भोंसले के परिवार से मुलाकात के बाद मिश्रा ने कहा कि वह इस मामले को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष उठाएंगे। 'लव जिहाद' शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी समूहों द्वारा मुस्लिम पुरुषों के हिंदू महिलाओं को फंसा कर रिश्ते बनाने और शादी कर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने की साजिश रचने के लिए किया जाता है।

मध्य प्रदेश के महेश्वर शहर की रहने वाली और घुमंतू पारधी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भोंसले को प्रयागराज में 2025 के कुंभ मेले के दौरान माला और रुद्राक्ष बेचने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रसिद्धि मिली। मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। फरमान खान के परिवार के अनुसार, उसने 11 मार्च को केरल के अरुमानूर में नैनार मंदिर में शादी की थी।

भोंसले इन दिनों अपनी पहली मलयालम फिल्म 'नागम्मा' की शूटिंग कर रही हैं। महेश्वर में भोंसले के माता-पिता से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मध्य प्रदेश सरकार इस मामले को गंभीरता से लेगी। उन्होंने कहा कि वह परिवार के साथ पूरे घटनाक्रम को पेश करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेने की कोशिश कर रहे हैं।


लड़की को फंसाने का आरोप

उन्होंने दावा किया कि परिवार को अब एहसास हो गया है कि यह लड़की को फंसाने का एक सुनियोजित प्रयास था। मिश्रा ने कहा कि कुछ संगठन बेरोजगार युवाओं को हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने के लिए धन उपलब्ध कराते हैं ताकि सनातन धर्म को बदनाम किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भोंसले की शादी 'लव जिहाद' है। फिल्मकार ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में भोंसले को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था, जो धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर आधारित है।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि फिल्म की वजह से उन्हें और उनकी 'सनातनी विचारधारा' को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि भोंसले का 'ब्रेनवॉश' किया गया तथा उन्हें फंसाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पूरा प्रकरण एक पटकथा की तरह लिखा और अंजाम दिया गया है।

केरल में क्यों हुई शादी?

फिल्म निर्माता ने यह भी सवाल किया कि शादी केरल में क्यों हुई। उन्होंने कहा कि भोंसले और उनके पति के बीच के रिश्ते को सांप्रदायिक सौहार्द के उदाहरण के रूप में चित्रित किया जा रहा है। उन्होंने पीटीआई से कहा, "अगर लड़का हिंदू होता और लड़की मुस्लिम होती तो क्या रिश्ते को उसी तरह पेश किया जाता?" मिश्रा ने दावा किया कि मुलाकात के दौरान भोंसले की दादी, चाची, छोटी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि उन्हें इस घटना के कारण सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है।

मोनालिसा के नाबालिग होने का दावा

मोनालिसा के चाचा विजय भोंसले ने दावा किया कि उसका जन्म 2009 में हुआ था। वह अब भी नाबालिग है।उन्होंने आरोप लगाया कि पासपोर्ट प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों में उसकी उम्र बढ़ा दी गई। ताकि शादी को कानूनी रूप से सही साबित किया जा सके। हालांकि, मोनालिसा भोंसले ने इससे पहले कहा था कि उनके नाबालिग होने की खबरें फर्जी और गलत हैं।

उसने पिछले हफ्ते अपनी शादी के बाद केरल में मीडिया को बताया, "मैं 18 साल की हूं।" परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि फरमान पहले मोनालिसा भोंसले को अपनी बहन कहकर संबोधित करता था।

ये भी पढ़ें- Telangana Drugs Case: तेलंगाना में ड्रग्स लेते पकड़े गए सांसद और पूर्व विधायक, हैदराबाद पुलिस ने हिरासत में लिया

BJP विधायक ने बताया साजिश

स्थानीय बीजेपी नेता विक्रम पटेल ने दावा किया कि भोंसले केरल में एक साजिश का शिकार हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष इस मामले को उठाने से पहले कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लिया जा रहा है। मिश्रा ने कहा कि वह तब तक इस मुद्दे को उठाते रहेंगे जब तक कि न्याय नहीं मिल जाता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।