Mamata Banerjee: हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में अपने गढ़ भाबनीपुर से हार का सामना करने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि वह पार्टी का नए सिरे से पुनर्निर्माण करेंगी। उन्होंने पार्टी सूत्रों के हवाले से कहा, “मैं पार्टी का नए सिरे से पुनर्निर्माण करूंगी। जो लोग पार्टी में बने रहना चाहते हैं, उनसे मैं कहना चाहती हूं कि क्षतिग्रस्त पार्टी कार्यालयों का पुनर्निर्माण करें, उन्हें रंगवाएं और फिर से खोलें। यदि आवश्यक हुआ, तो मैं भी उन्हें रंगवा दूंगी।”
ममता बनर्जी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद उनकी पार्टी फिर से मजबूती से वापसी करेगी। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने कालीघाट स्थित आवास पर TMC के चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के साथ बैठक की, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी उपस्थित थे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग टीएमसी छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा, "जो लोग अन्य पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दीजिए। तृणमूल कांग्रेस कभी नहीं झुकेगी। जनता के जनादेश की लूट हुई है।"
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रचा था इतिहास
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को करारी हार देते हुए 207 सीटें जीतीं थी। पिछले विधानसभा चुनाव में 212 सीटें जीतने वाली TMC इस बार 80 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
गौरतलब है कि TMC ने 291 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जबकि दार्जिलिंग पहाड़ियों की तीन सीटें उसने अपने सहयोगी, अनित थापा के नेतृत्व वाली भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (BGPM) के लिए छोड़ दी थीं। इनमें से केवल 80 उम्मीदवार ही विजयी हुए, जबकि 211 हार गए, जिनमें कई दिग्गज नेता और मंत्री शामिल थे।
कुछ नेता दल बदल सकते हैं- ममता बनर्जी
इससे पहले 5 मई को, चुनाव परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद, ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्हें पता है कि कुछ नेता दल बदल सकते हैं। उन्होंने कहा था, “मुझे पता है कि कई लोग दूसरी पार्टियों में चले जाएंगे। उनकी अपनी मजबूरियां हो सकती हैं। इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। जो जाना चाहता है, जा सकता है। मैं किसी को जबरदस्ती रोकने में विश्वास नहीं करती।”
PTI समाचार एजेंसी ने पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से बताया कि बैठक का उद्देश्य चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को आश्वस्त करना और ऐसे समय में एकजुटता और स्थिरता का भाव प्रदर्शित करना था जब संगठन बढ़ती राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है।