Mumbai-Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रात भर लगा रहा महाजाम, गैस टैंकर पलटने से 12 घंटों तक फंसे रहे यात्री

Mumbai-Pune Expressway: मंगलवार (3 फरवरी) रात को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक जाम के कारण 12 घंटे से ज्यादा समय तक सैकड़ों गाड़ियां पूरी तरह रुक गई। इससे महाराष्ट्र के सबसे व्यस्त हाईवे में से एक पर हजारों यात्री फंस गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक सामान्य ट्रैफिक व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती तब तक वे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें

अपडेटेड Feb 04, 2026 पर 10:58 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai–Pune Expressway: जब तक सामान्य ट्रैफिक व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती तब तक मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें (Photo Credits: ANI)

Mumbai-Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलट जाने से रात भर ट्रैफिक बाधित रहा। इससे सैकड़ों वाहन करीब 12 घंटे तक जाम में फंसे रहे। दोनों रूट्स पर भारी जाम लग गया। दुर्घटनास्थल के पास कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। 12 घंटे से अधिक समय तक रहे इस ट्रैफिक संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई। हाईवे ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि जब तक सामान्य ट्रैफिक व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती तब तक वे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन का चौड़ा टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है। एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टैंकर पलट गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास हुई जब तेज गति से चल रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई।

टैंकर में प्रोपलीन गैस भरी हुई थी जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मुंबई की ओर के ट्रैफिक को तुरंत बंद कर दिया। दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को लगभग दो किलोमीटर तक पुणे की ओर जाने वाले रूट की ओर भेज दिया गया था।


एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि टैंकर से लगातार गैस रिसाव के कारण सामान्य आवागमन बहाल नहीं हो सका। इसके परिणामस्वरूप पुणे जाने वाले ट्रैफिक सहित अन्य वाहन 12 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। रूट्स पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। इस महाजाम का वाहन चालकों पर गंभीर असर पड़ा। कई यात्री घंटों तक फंसे रहे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर व्यास कर्ण नामक व्यक्ति ने लिखा, "लोग फंसे हुए हैं और बेसब्री से मदद का इंतजार कर रहे हैं। कृपया कुछ करें।" महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस के एक कंडक्टर ने पीटीआई को बताया कि उनका वाहन दुर्घटनास्थल के पास छह घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहा। इससे यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई।

सोशल मीडिया पर लोग भड़के

कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की। कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को पार्किंग करार दिया। सात ही दूसरों को सलाह दी कि जब तक आवश्यक नहीं हो, यात्रा करने से बचें। प्रणव नामक एक यूजर ने लिखा, "मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे इस समय पूरी तरह से जाम है। लोनावला और खंडाला के पास एक ट्रक पलटने के कारण घंटों तक यातायात रुका रहता है। अगर यात्रा करना बेहद जरूरी नहीं हो, तो यात्रा नहीं करें।"

ट्रैफिक जाम के कारण पुणे जाने वाले वाहन चालकों को भी असुविधा हुई। सोहित मानिक नाम के एक अन्य X यूजर ने लिखा, "मैंने अपनी यात्रा अंधेरी पश्चिम से शाम सात बजे के आसपास कैब से शुरू की। मैं तड़के तीन बजकर 40 मिनट के आसपास पुणे पहुंचूंगा। अब तक का सबसे खराब यातायात अनुभव।"

'मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें'

महाराष्ट्र हाईवे ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल होने तक लोग मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के प्रवक्ता द्वारा साझा किए गए हाईवे ट्रैफिक पुलिस के एक बयान के अनुसार मुंबई की ओर जाने वाले कॉरिडोर पर अदोशी सुरंग के पास खंडाला घाट खंड में टैंकर पलट गया।

ये भी पढ़ें- Delhi Murder: दिल्ली के कनॉट प्लेस में सरेआम बिजनेसमैन की हत्या, 3 डिलीवरी एजेंटों ने हेलमेट से पीट-पीटकर ले ली जान

बयान के अनुसार, दुर्घटना के बाद टैंकर से अत्यधिक ज्वलनशील गैस का रिसाव हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों ने ​युद्धस्तर पर घटनास्थल पर काम किया। बयान में कहा गया है कि वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की ओर का रूट बंद कर दिया गया था। इसके कारण एक्सप्रेसवे के मुंबई और पुणे दोनों ओर जाने वाले रूट पर ट्रैफिक जाम हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।