Delhi Murder: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां छोटी सी बात पर एक बिजनेसमैन की हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सेंट्रल दिल्ली के कनॉट प्लेस में रात में एक पार्टी में गए 36 साल के बिजनेसमैन को कथित तौर पर तीन फूड डिलीवरी राइडर्स ने पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना 3 जनवरी की रात को हुई। लेकिन इसकी जानकारी अब सामने आई है।
NDTV के मुताबिक, बिजनेसमैन शिवम गुप्ता दो हफ्ते से ज्यादा समय से अस्पताल में जिंदगी के लिए लड़ रहे थे। 19 जनवरी को गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज चेक कर रही है। फॉरेंसिक जांच के लिए गुप्ता के खून से सने कपड़े ले लिए हैं। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि तीनों हमलावरों ने बहस के बाद गुप्ता को मुक्के मारने और पीटने के लिए हेलमेट का इस्तेमाल किया। फिर वे उसे लोकप्रिय शॉपिंग एरिया में फुटपाथ पर खून से लथपथ छोड़कर चले गए। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि तीसरे आरोपी की तलाश कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 3 जनवरी की रात को पुलिस टीम को कनॉट प्लेस में फुटपाथ पर एक घायल आदमी के पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्ता गंभीर हालत में मिले। वे तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें भी पाई। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुप्ता बयान देने की हालत में नहीं हैं। इस वजह से इस जानलेवा हमले के पीछे की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका।
गुप्ता को 4 जनवरी को दूसरे अस्पताल में ले जाया गया। फिर अगले दिन उनकी सर्जरी हुई। उनके परिवार ने कहा कि उन्हें लगा था कि इसके बाद वह ठीक हो जाएंगे। लेकिन 19 जनवरी को उनकी मौत हो गई। बिजनेसमैन के परिवार ने पुष्टि की है कि डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि चोटें जानलेवा थीं। हालांकि, उम्मीद थी क्योंकि 19 जनवरी से कुछ दिन पहले तक वह धीरे-धीरे डॉक्टरों की आवाज पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
काराबोरी के पहाड़गंज में है दो दुकान
शिवम के पिता अनिल कांत गुप्ता दिल्ली के पहाड़गंज में दो दुकानें चलाते हैं। उन्होंने अपने इकलौते बेटे को मारने वाले राइडर्स के लिए कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा, "मेरा बेटा मेरा सब कुछ था। अब, हमें सिर्फ न्याय की उम्मीद है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि किसी और का घर इस तरह बर्बाद न हो।"
अनिल कांत ने बताया कि उनका बेटा 2 जनवरी की शाम को लक्ष्मी नगर स्थित अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह एक पार्टी में जा रहा है। बिजनेसमैन के पिता ने कहा, "मैं बार-बार कॉल करता रहा। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।"
उन्होंने बताया, "थोड़ी देर बाद मुझे पुलिस का फोन आया। उन्होंने बताया कि मेरे बेटे को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।" तीन जनवरी की देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को जानकारी मिली कि सड़क पर एक घायल व्यक्ति बेहोश पड़ा है। उसके शरीर से खून बह रहा है।