Sadhvi Prem Baisa Death Case: साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब हत्या के एंगल से जांच कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो साध्वी के मोबाइल फोन और उनकी मौत से ठीक पहले खाए गए भोजन की जांच कर रही है। पुलिस ने साध्वी के दो आईफोन और एक सैमसंग सहित कुल तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, लेकिन इनके पासवर्ड न मिलने के कारण जांच रुकी हुई है। पुलिस ने साध्वी के पिता वीरमनाथ से कई घंटों तक पूछताछ की, लेकिन उन्होंने फोन के पासवर्ड की जानकारी होने से इनकार कर दिया।
क्या दाल में कुछ मिला था? नौकर के बजाय पिता क्यों ले गए खाना
जांच में सबसे चौंकाने वाला मोड़ परिवार के नौकर सुरेश के बयान से आया है। सुरेश ने बताया कि 28 जनवरी की रात साध्वी को जुकाम था और उनके लिए दाल बनाई गई थी। आमतौर पर सुरेश ही साध्वी के कमरे में खाना ले जाता था, लेकिन उस रात उनके पिता खुद दाल लेकर कमरे में गए थे। नौकर के अनुसार, खाना खाने के तुरंत बाद साध्वी को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी और वे दर्द से चिल्लाने लगीं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या उस रात दाल में कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया था।
आश्रम की दोबारा होगी तलाशी
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने आश्रम के उस कमरे की दोबारा बारीकी से तलाशी ली है जहां साध्वी की मौत हुई थी। पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश के अनुसार, किचन से दाल बनाने में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्रियों के नमूने ले लिए गए हैं। SIT यह सुनिश्चित करना चाहती है कि कोई भी डिजिटल या भौतिक सबूत छूट न जाए। घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण इसलिए किया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
दवा का रिएक्शन या जहर? विसरा रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस जांच दो मुख्य बिंदुओं पर टिकी है। पहली संभावना यह है कि क्या किसी गलत इंजेक्शन या दवा के रिएक्शन के कारण साध्वी की मौत हुई। दूसरी और अधिक गंभीर संभावना यह है कि क्या उनके भोजन में जहर मिलाया गया था। हालांकि मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम कर लिया है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारण का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। तब तक, लॉक मोबाइल फोन और पिता के बयान इस मिस्ट्री को और गहरा बना रहे हैं।