राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार की तबियत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक शरद पवार अभी बारामती में हैं और उन्हें बारामती के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मनुताबिक, शरद पवार को खांसी और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार सुबह से उन्हें लगातार खांसी की शिकायत थी।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बारामती में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की तेरहवीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है। शरद पवार और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को इस समारोह में शामिल होना था, लेकिन शरद पवार की आज सुबह से ही तबीयत खराब हो गयी। डॉक्टर सबसे पहले उनका पूरा मेडिकल चेकअप करेंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह फैसला लिया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती रखना है या इलाज के बाद घर भेज दिया जाएगा।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी गई है। उनकी उम्र और राजनीतिक व्यस्तता को देखते हुए डॉक्टर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। शरद पवार के परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बता दें कि, ‘महायुति’ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलावा एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और दिवंगत अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल हैं। अजित पवार का 28 जनवरी को पुणे के बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था और 31 जनवरी को उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने उप मुख्यमंत्री की शपथ ली थी।