सिर्फ 6 साल का एक मासूम बच्चा अपनी मां को जिंदा जलते हुए देखता है। वह डरी-सहमी आवाज में पड़ोसियों से कहता है- "मम्मी पर कुछ डाला, उन्हें थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी"। यह मासूम गवाही अब उस घटना की सच्चाई सबके सामने ला रही है, जिसने सभी का दिल दहला दिया है। ये घटना ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव की है। उस बच्चे की मां निक्की गंभीर रूप से जल गई और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाते समय ही उसने दम तोड़ दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि निक्की को उसके पति विपिन और सास ने बेरहमी से पीटा और बाल पकड़कर घसीटा। एक और वीडियो में वह आग की लपटों में झुलसती हुई सीढ़ियों से लंगड़ाते हुए नीचे आती दिखाई देती है।
कंचन ने ही मोबाइल पर बनाए वीडियो
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जिसकी शादी भी उसी घर में हुई है, उसने घटना के कुछ हिस्से मोबाइल में रिकॉर्ड किए। उसने बताया कि निक्की को सालों से दहेज के लिए परेशान और पीटा जाता था। उससे 36 लाख रुपए की मांग की गई थी।
कंचन ने रोते हुए कहा, "उन्होंने निकी के गले और सिर पर मारा, फिर तेजाब डाला और उसे जला दिया। हमारे बच्चे भी उसी घर में थे। मुझे भी इतना मारा कि मैं बेहोश हो गई।" यह कहते समय कंचन अपनी गोद में निकी के छोटे बेटे को थामे हुए थी।
पुलिस ने बताया कि निक्की के पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके माता-पिता और भाई फरार हैं। कासना थाने में हत्या और साजिश का मामला दर्ज किया गया है।
एडिशनल DCP सुधीर कुमार ने बताया, "हमें फोर्टिस अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को जलने के बाद भर्ती कराया गया है और बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।"
उन्होंने आगे कहा, "परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया है। पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।"
विपिन की दूसरी शादी के लिए निक्की को मारा: कंचन
निक्की ने 2016 में विपिन से शादी की और उनका एक बच्चा है। उसके परिवार का आरोप है कि शादी के समय कार और कीमती सामान देने के बावजूद, उसके ससुराल वाले और पैसों की मांग करते रहे।
कंचन ने दावा किया कि उसकी बहन की मौत एक सोची समझी साजिश के तहत हुई, ताकि विपिन दोबारा शादी कर सके। उन्होंने कहा, "हमें कई दिनों तक प्रताड़ित किया गया। वे उसे रास्ते से हटाना चाहते थे।"
निक्की के बेटे के लिए, यह भयावह घटना अब उसकी यादों में बस गई है। वह अपनी मौसी कंचन के साथ रहता है, जो कहती हैं कि वह उसे अपने बेटे की तरह पालेगी।