Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने का इंतजार लाखों लोग कर रहे हैं। नोएडा एयरपोर्ट का लॉन्च काफी समय से टल रहा है। नोएडा एयरपोर्ट की नींव नवंबर 2021 में रखी गई थी लेकिन अब ऐसी उम्मीद है कि सितंबर में एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दी है।
उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बैठक में कहा कि पहले की सरकारों (सपा और बसपा) के समय यह एयरपोर्ट सिर्फ चुनावों के वक्त दिखता था और बाद में गायब हो जाता था, जैसे बोतल में बंद जिन्न। लेकिन बीते आठ सालों में काम सिर्फ फाइलों तक नहीं रहा, बल्कि जमीन पर भी तेजी से हुआ है। अब ये एयरपोर्ट नवंबर तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। सितंबर 2025 तक एयरपोर्ट पर कार्गो और डोमेस्टिक फ्लाइट शुरू हो जाएगी। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट नवंबर 2025 से शुरू हो सकती है।
इस प्रोजेक्ट को पहले सितंबर 2024 तक पूरा करना था। बाद में यह समयसीमा अप्रैल, फिर मई-जून तक बढ़ाई गई। मार्च में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डेडलाइन तय की थी—15 मई से घरेलू उड़ानें और 25 जून से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की योजना थी। अब अधिकारियों के अनुसार, घरेलू और कार्गो सेवाएं 15 सितंबर से शुरू करने की योजना है और पूरी अंतरराष्ट्रीय सेवा नवंबर से शुरू होगी।
प्रोजेक्ट 80% पूरा हो चुका है। रनवे और एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर 90% तक तैयार हैं। टर्मिनल बिल्डिंग पर छत और इंटीरियर का काम तेजी से चल रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 750 मीटर की इंटरचेंज सड़कें पूरी हो चुकी हैं। वाटर और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जो मार्च में 40% तैयार थे, अब तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) बिल्डिंग और एयरपोर्ट टेक्नोलॉजी (CNS/ATM) इंस्टॉलेशन भी लगभग पूरा हो चुका है।
हालांकि नवंबर डेडलाइन नजदीके है, लेकिन एयरपोर्ट को अभी DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) से एयरोड्रम लाइसेंस और BCAS (सिविल एविएशन सुरक्षा ब्यूरो) से सुरक्षा मंजूरी मिलना बाकी है।
प्राइवेट कंपनी पर जुर्माना
इस देरी को लेकर सरकार ने यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड पर हर महीने की देरी के लिए 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जो 1 जनवरी 2025 से लागू है। ये एयरपोर्ट पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के बाद दूसरा बड़ा कमर्शियल एयरपोर्ट मिलेगा। गाजियाबाद का हिंडन टर्मिनल भी अब मेट्रो शहरों के लिए कमर्शियल फ्लाइट्स चला रहा है, लेकिन वह भारतीय वायुसेना के अंतर्गत आता है।