India-Pakistan Tension: पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन जारी रखते हुए सोमवार (28 अप्रैल) रात जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामुल्ला जिलों में नियंत्रण रेखा (LoC) पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना के सूत्रों ने कहा है कि सेना ने पाकिस्तान द्वारा की गई उकसावे की कार्रवाई का नपा-तुला और प्रभावी तरीके से जवाब दिया। यह लगातार पांचवीं रात थी जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। यह गोलीबारी ऐसे समय में की जा रही है जब पिछले सप्ताह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत तथा पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है।
भारतीय सेना ने मंगलवार (29 अप्रैल) सुबह एक बयान में कहा, "28-29 अप्रैल 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा और बारामुल्ला जिलों के साथ-साथ अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने उकसावे का नपा-तुला और प्रभावी तरीके से जवाब दिया।"
इससे एक दिन पहले नियंत्रण रेखा के पार स्थित पाकिस्तानी सेना की चौकियों की ओर से 27-28 अप्रैल की मध्यरात्रि को कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के निकटवर्ती इलाकों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई थी। भारतीय सेना ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने त्वरित और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार रात को भी नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलीबारी की थी, जिनका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। केंद्र ने पहलगाम हमले के तार सीमा पार से जुड़े होने के मद्देनजर पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार (अताशे) को निष्कासित करने, 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने और अटारी सीमा को तत्काल बंद करने सहित कई कदमों की बुधवार को घोषणा की थी।
भारत ने अटारी सीमा के माध्यम से देश में प्रवेश करने वाले सभी पाकिस्तानियों से एक मई तक देश छोड़ने को कहा है। इसके जवाब में पाकिस्तान ने सभी भारतीय विमानन कंपनियों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का फैसला किया। साथ ही भारत के साथ व्यापार को स्थगित कर दिया।
पाकिस्तान ने भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले को भी खारिज कर दिया। उसने कहा कि संधि के तहत पाकिस्तान के जल प्रवाह को रोकने के किसी भी कदम को युद्ध की कार्रवाई के रूप में देखा जाएगा।
पहलगाम हमले को लेकर देशभर में गुस्से के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत पहलगाम हमले में शामिल हर आतंकवादी और इसकी साजिश में शामिल रहे लोगों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें उनकी कल्पना से बड़ी सजा देगा।