PM Modi Jammu-Kashmir Visit: अब कश्मीर तक चलेगी ट्रेन! पीएम मोदी आज कटरा-श्रीनगर वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी, चिनाब पुल का भी करेंगे उद्घाटन

PM Modi Jammu-Kashmir Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (6 जून) को बहुप्रतीक्षित कश्मीर रेल लिंक का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह चिनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी ब्रिज का भी उद्घाटन करेंगे। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रेल सेवा शुरू होने से लोग ज्यादा खर्च किए बिना यात्रा कर सकेंगे

अपडेटेड Jun 06, 2025 पर 10:38 AM
PM Modi Jammu-Kashmir Visit: चिनाब पुल नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर है। यह 1,315 मीटर लंबा 'स्टील आर्च ब्रिज' है

PM Modi Jammu-Kashmir Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (6 जून) को दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे 'आर्च ब्रिज' चिनाब रेल पुल का उद्घाटन करेंगे। साथ ही जम्मू-कश्मीर के कटरा तथा श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि कटरा में प्रधानमंत्री मोदी 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कटरा में ही प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर है। चिनाब पुल को वास्तुशिल्प की बेमिसाल कृति बताते हुए बयान में कहा गया कि यह नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर है। यह 1,315 मीटर लंबा 'स्टील आर्च ब्रिज' है जिसे भूकंप और हवा की हर स्थिति का सामना करने की दृष्टि से तैयार किया गया है।

बयान में कहा गया है, "पुल का एक महत्वपूर्ण प्रभाव जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क को बढ़ाने में होगा। पुल पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के माध्यम से कटरा और श्रीनगर के बीच यात्रा करने में केवल 3 घंटे लगेंगे, जिससे मौजूदा यात्रा का समय दो से तीन घंटे कम हो जाएगा।" इसके अनुसार, यह पुल भारत का पहला केबल-आधारित रेल पुल है जो चुनौतीपूर्ण इलाके में देश की सेवा का एक माध्यम होगा।

प्रधानमंत्री द्वारा जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है उनमें 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना है। यह लगभग 43,780 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित है। इसमें 36 सुरंगें (119 किमी तक फैली हुई) और 943 पुल हैं। यह परियोजना कश्मीर घाटी और देश के बाकी हिस्सों के बीच हर मौसम में निर्बाध रेल संपर्क स्थापित करती है। इसका लक्ष्य क्षेत्रीय गतिशीलता के परिदृष्य को बदलना और सामाजिक-आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देना है।


प्रधानमंत्री मोदी विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतिम छोर तक संपर्क को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी कटरा में 350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 'श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस' की आधारशिला भी रखेंगे। बयान में कहा गया है कि यह रियासी जिले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा जो क्षेत्र में स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताया आभार

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर के लिए रेल सेवा के होने वाले उद्घाटन को देर आए दुरुस्त आए करार देते हुए कहा कि वह भी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, क्योंकि यह घाटी के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। अब्दुल्ला ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से लोग ज्यादा खर्च किए बिना यात्रा कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को 38 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया। यह यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थलों का दौरा किया, जिनमें प्रतिष्ठित चिनाब रेल ब्रिज और कटरा रेलवे स्टेशन भी शामिल थे।

ये भी पढ़ें- Lucknow Encounter: लखनऊ में ढाई साल की मासूम बच्ची से रेप करने वाला एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख रुपये का था इनाम

उन्होंने विशेष रूप से डिजाइन की गई वंदे भारत ट्रेन का भी निरीक्षण किया, जिसे पीएम मोदी कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक के पूरा होने के उपलक्ष्य में हरी झंडी दिखाएंगे।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि 2014 में पदभार संभालने के बाद उन्होंने उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक परियोजना को तेजी से पूरा किये जाने को सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि यह जम्मू-कश्मीर में विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल की स्थापना की ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह परियोजना 'विकसित भारत' की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाएगी। उन्होंने कहा कि कई रेल मंत्रियों ने बार-बार इस स्थल का दौरा किया।

केंद्रीय मंत्री ने कश्मीर तक ट्रेन को एक नए अध्याय की शुरुआत करार देते हुए कहा, "कटरा स्टेशन पहले ही जम्मू-कश्मीर को भारत की विकास यात्रा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा चुका है। आने वाले दिनों में यह परियोजना 'विकसित भारत' की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाएगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।