पंजाब में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। 15 साल की एक लड़की की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई और फिर उसके शव को सूटकेस में भरकर जंगल में ले जाकर आग लगा दी गई। मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पंजाब में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। 15 साल की एक लड़की की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई और फिर उसके शव को सूटकेस में भरकर जंगल में ले जाकर आग लगा दी गई। मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक लड़की नवांशहर की रहने वाली थी और 29 मई से लापता थी। बेटी के गायब होने पर उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मां ने आरोप लगाया था कि कोई व्यक्ति शादी का झांसा देकर उसकी बेटी को अपने साथ ले गया है।
जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला का प्रेमी गुरविंदर सिंह उर्फ गुरप्रीत गोपा है। वह अक्सर महिला के घर आता-जाता था और परिवार के संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक, लड़की अपनी मां और आरोपी के रिश्ते का विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर तनाव रहता था। जांच में सामने आया कि 29 मई को आरोपी को लड़की घर में अकेली मिली, जिसके बाद उसने कथित तौर पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
शव को सूटकेस में भरकर जंगल ले गया
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, उसने लड़की के शव को एक सूटकेस में रखा और उसे होशियारपुर जिले के खुरालगढ़ गांव के पास जंगल में ले गया। वहां उसने सूटकेस समेत शव को आग के हवाले कर दिया ताकि पहचान और सबूत दोनों मिट जाएं।
कबूलनामे के बाद बरामद हुए अवशेष
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया, जहां से जले हुए कंकाल जैसे अवशेष बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि ये अवशेष मृतक लड़की के हैं।
बरामद अवशेषों को डीएनए और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।