राहुल गांधी के म्युचुअल फंड्स, इन्वेस्टमेंट को देखने वाला शख्स निकला BJP समर्थक! पर उसने जो बात कही वो हो गई वायरल

Rahul Gandhi Investment Portfolio: कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर सामने आया। बता दें कि, मुथुकृष्णन धनदापानी नाम के एक फंड डिस्ट्रीब्यूटर ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने बताया कि भले ही वह भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी के समर्थक रहे हैं, फिर भी राहुल गांधी ने हमेशा उनके साथ पेशेवर तरीके से काम किया

अपडेटेड May 11, 2026 पर 9:55 AM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष और राहुल गांधी के निवेश को लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है।

Rahul Gandhi Investment Portfolio: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष और राहुल गांधी के निवेश को लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है। राहुल गांधी के निवेश की देखरेख करने वाला शख्स बीजेपी का कट्टर समर्थक है। इस बात की जानकारी खुद उस शख्स ने दी है। इस शख्स ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखा, जिस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया भी दी है। सोशल मीडिया पर हुई इस बातचीत ने लोगों का काफी ध्यान खींचा, फिलहाल ये पोस्ट काफी वायरल हो रहा है।

मुथुकृष्णन ने शेयर किया ये पोस्ट 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर सामने आया। बता दें कि, मुथुकृष्णन धनदापानी नाम के एक फंड डिस्ट्रीब्यूटर ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने बताया कि भले ही वह भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी के समर्थक रहे हैं, फिर भी राहुल गांधी ने हमेशा उनके साथ पेशेवर तरीके से काम किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि 2014 से 2024 तक बीजेपी का समर्थन करने के बावजूद, उनके कामकाज में कभी कोई परेशानी नहीं आई। मुथुकृष्णन धनदापानी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ उनकी हर बातचीत सम्मानजनक रही और कांग्रेस नेता ने कभी भी घमंड वाला व्यवहार नहीं दिखाया।


शेयर किया ये किस्सा 

मुथुकृष्णन धनदापानी ने एक्स पर लिखी अपनी लंबी पोस्ट में कहा, “हमने कई बार ईमेल के जरिए बातचीत की है और फोन पर भी बात हुई है। जैसा कि सभी जानते हैं, मैं 2014 से 2024 तक नरेंद्र मोदी का मजबूत समर्थक रहा हूं। इसके बावजूद राहुल गांधी या उनके ऑफिस के किसी कर्मचारी ने कभी इस बात को मुद्दा नहीं बनाया।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि उनके सोशल मीडिया पोस्ट राहुल गांधी की टीम नियमित रूप से देखती है, लेकिन फिर भी उनकी पेशेवर सेवाओं और राजनीतिक विचारों को अलग रखा गया। मुथुकृष्णन धनदापानी ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि हर बातचीत में राहुल गांधी ने उनसे सम्मान के साथ बात की और कभी भी घमंड भरा व्यवहार नहीं दिखाया।

मुथुकृष्णन धनदापानी ने आगे कहा, “मैं राहुल गांधी को एक राजनेता के रूप में ज्यादा नहीं जानता। लेकिन पिछले 14 सालों में हुई बातचीत के आधार पर इतना जरूर कह सकता हूं कि वह पेशेवर लोगों का सम्मान करते हैं और बात करने में अच्छे इंसान हैं।” उन्होंने यह भी कहा, “मीडिया या किसी भी पार्टी की आईटी सेल की बातों पर पूरी तरह भरोसा नहीं करना चाहिए।”

राहुल गांधी ने दिया ये रिएक्शन 

राहुल गांधी ने मुथुकृष्णन धनदापानी की लंबी तारीफ का जवाब मजेदार अंदाज में दिया। उन्होंने लिखा, “मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपकी अपनी पसंद हैं, लेकिन कृपया मेरे निवेश पर मिलने वाला रिटर्न थोड़ा तेजी से बढ़वा दीजिए।” राहुल गांधी का यह जवाब देखकर धनदापानी भी हैरान रह गए। उन्होंने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आपके जवाब से मैं बेहद खुश और हैरान हूं।” उन्होंने आगे लिखा, “मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी मेरा ट्वीट देखेंगे और उसका जवाब भी देंगे। यह मेरे लिए पहली बार है।”

बता दें कि, राहुल गांधी रविवार को चेन्नई पहुंचे, जहां वह तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय के साथ नजर आए। इस दौरान विजय ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला। राज्य में टीवीके की सरकार बनाने में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों का समर्थन विजय की पार्टी को दिया। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) जैसी छोटी पार्टियों ने भी विजय के नेतृत्व वाली पार्टी का समर्थन किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।