Rahul Gandhi Vs Jagdambika Pal: लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सीनियर नेता जगदंबिका पाल के अतीत में उनकी पार्टी का सदस्य रहने का उल्लेख किया। इस पर पाल ने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि आप विपक्ष में बैठे हैं क्योंकि उनकी सलाह नहीं मानी। उन्होंने यह भी कहा कि लेकिन अभी समय है। उन्हें सही रास्ता पकड़ना चाहिए।
राहुल गांधी ने बजट पर अपनी बात रखते हुए पाल के राजनीतिक अतीत का संक्षिप्त का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि आपका दिल उधर (BJP की तरफ) नहीं है।" इस पर पाल ने कहा, "अगर आप मेरी बात मानते तो आज वहां नहीं बैठे होते। आज आप वहां बैठे हैं तो सिर्फ इसलिए कि आपने मेरी सलाह नहीं ली। आपको सलाह दे रहा हूं कि आपको सही रास्ता पकड़ना चाहिए, आपके पास अभी भी समय है।"
पाल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की जगह सदन की अध्यक्षता कर रहे थे। विपक्ष ने ओम बिरला को लोकसभा स्पीकर पद से हटाने के लिए संसद में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। सूत्रों का कहना है कि इस नोटिस का निपटारा होने तक ओम बिरला आसन पर नहीं बैठेंगे। बिरला ने लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि वह विपक्ष के नोटिस की जांच कर उचित कार्रवाई करें।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा, "उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है।"
उन्होंने केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह का समझौता करने को विवश हुए क्योंकि अमेरिका ने उनकी गर्दन पकड़ रखी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने सत्तापक्ष के सदस्यों की टोका-टाकी के बीच यह भी कहा कि भारत-अमेरिका समझौते में देश के किसानों के हितों को कुचल दिया गया।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री मोदी और सरकार पर निशाना साधते हुए अमेरिका में एक भारतीय उद्योगपति के खिलाफ दर्ज मामले और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित एक प्रकरण का उल्लेख किया। इस पर पीठासीन सभापति ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड में शामिल नहीं होगा।
उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का हवाला देते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार भारतीय किसान एक भयानक तूफ़ान का सामना कर रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने जो आरोप लगाए हैं उन्हें उन आरोपों को सत्यापित करना चाहिए, जिस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि वह इसके लिए तैयार हैं।