IMD Heavy Rain Alert: देश के मौसम में इस समय जबरदस्त विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जहां दिल्ली, यूपी और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदान झुलसाने वाली गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में 'वेरी हैवी रेन' और 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाले बवंडर का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, भारत के अलग-अलग राज्यों में एक साथ कई मौसम प्रणालियां (Weather Systems) सक्रिय हैं। एक तरफ जहां राजस्थान और मध्य प्रदेश के ऊपर बने 'एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन' के कारण उत्तर भारत तप रहा है, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत और बंगाल की खाड़ी के पास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण तूफानी बारिश के आसार बन रहे हैं।
पूर्वोत्तर भारत: मूसलाधार बारिश और 70kmph की रफ्तार वाला बवंडर
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है-
असम और मेघालय में 25 से 27 अप्रैल के बीच थंडरस्क्वाल (Thundersquall) यानी 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। 26 से 29 अप्रैल के बीच 'अत्यधिक भारी बारिश' का अलर्ट है।
अरुणाचल प्रदेश: यहां 27 से 29 अप्रैल के बीच मूसलाधार बारिश (Very Heavy Rainfall) होने की संभावना है।
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: यहां 28 और 29 अप्रैल को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वी भारत: बिहार-झारखंड में ओलावृष्टि और तूफान
बिहार और झारखंड: 25 से 27 अप्रैल के बीच बिहार और झारखंड में 70 किमी/घंटा की रफ्तार वाला बवंडर आ सकता है। झारखंड में 26 और 27 अप्रैल को ओले गिरने की प्रबल संभावना है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25 से 27 अप्रैल के बीच भारी बारिश होगी।
उत्तर-पश्चिम भारत: दिल्ली-UP को कब मिलेगी राहत?
मैदानी इलाकों में गर्मी फिलहाल अपना प्रचंड रूप दिखाएगी, लेकिन हफ्ते के अंत में राहत की उम्मीद है। 28 और 29 अप्रैल को यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 26 से 28 अप्रैल के बीच धूल भरी हवाएं (30-40 kmph) और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 28-29 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है।
दक्षिण और मध्य भारत का हाल
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश: छत्तीसगढ़ में 26-27 अप्रैल और मध्य प्रदेश में 27 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
महाराष्ट्र: मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 24 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
कर्नाटक और केरल: यहां 27 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने का दौर जारी रहेगा।
क्यों बदला है मौसम का मिजाज?
IMD के अनुसार, इस समय वायुमंडल के निचले स्तरों पर कई सिस्टम काम कर रहे हैं। बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत (कोमोरिन क्षेत्र) तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। मध्य मध्य प्रदेश के ऊपर एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो गर्मी को बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि तूफान और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। विशेषकर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के लोग भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहें।