YouTuber Jyoti Malhotra : पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर हर रोज कोई ना कोई खुलासा हो रहा है। फिलहाल ज्योति मल्होत्रा को पुलिस के हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। इसी बीच पाकिस्तान से ज्योति का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उसके साथ एक दो नहीं बल्कि 6-6 हथियारबंद लोग दिख रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि वो ज्योति के बॉडिगार्ड हैं। ज्योति का ये वीडियो स्कॉटिश यूट्यूबर के ब्लाग में रिकॉर्ड हुई। पुलिस को शक है कि ज्योति का संपर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से था, इसी आधार पर जांच की जा रही है।
स्कॉटिश यूट्यूबर के वीडियो में खुला ये राज
स्कॉटलैंड के यूट्यूबर कैलम मिल ने अपने चैनल 'कैलम अब्रॉड' पर पाकिस्तान यात्रा का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वो लाहौर के अनारकली बाजार में ज्योति मल्होत्रा से बातचीत करते नजर आते हैं। वीडियो में दिखा कि कुछ हथियारबंद लोग ज्योति को घेरे हुए हैं। बातचीत के दौरान ज्योति ने कैलम से पूछा कि क्या वो पहली बार पाकिस्तान आए हैं, जिस पर उन्होंने बताया कि वह पहले भी कई बार पाकिस्तान आ चुके हैं। बातचीत के दौरान ज्योति ने खुद को भारत से बताया और भारत आने के बारे में भी सवाल किया।
जब पाकिस्तान में मेहमाननवाज़ी के बारे में पूछा गया तो ज्योति मल्होत्रा ने कहा कि अनुभव बहुत अच्छा रहा। लेकिन जैसे ही वह आगे बढ़ीं, स्कॉटिश यूट्यूबर कैलम को यह देखकर हैरानी हुई कि कई हथियारबंद लोग उनके साथ चल रहे थे। उन्होंने कहा कि वो नहीं समझ पाए कि इतनी बंदूकों की जरूरत क्यों है। उन्होंने यह भी बताया कि ज्योति के चारों ओर करीब छह सुरक्षा गार्ड मौजूद थे, जिससे उन्हें लगा कि शायद यह इलाका थोड़ा असुरक्षित हो सकता है।
चार दिन और बढ़ी ज्योति की हिरासत
पाकिस्तान में ज्योति मल्होत्रा को मिली खास सुरक्षा और खास लोगों से मिलने के दावों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कहा जा रहा है कि वह वहां कुछ खास पार्टियों में शामिल हुईं, जहां सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े लोग मौजूद थे। इसी बीच, दिल्ली में पाकिस्तानी दूतावास के एक कर्मचारी से संपर्क को लेकर उन पर शक गहराया और पुलिस ने उनकी हिरासत को चार दिन और बढ़ा दिया है।
पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप
ज्योति मल्होत्रा केस में हिसार पुलिस को उसके मोबाइल और लैपटॉप से कुछ अहम जानकारी मिली है। पुलिस ने बताया कि फोन और अन्य डिवाइस का डेटा अब फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ मिल गया है, जिसे अदालत में पेश किया जाएगा। ज्योति की हिरासत आज खत्म हो रही है, और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इससे पहले फोरेंसिक रिपोर्ट न मिलने की वजह से उनकी रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। जानकारी के मुताबिक, उन पर पाकिस्तान को कुछ संवेदनशील जानकारियां देने का आरोप है, जिसमें भारत में बिजली कटौती से जुड़ी बातें भी शामिल हैं। इसी मामले में कुरुक्षेत्र के हरकीरत नाम के एक युवक से भी पूछताछ की गई है।