Suvendu Adhikari Investment: सुवेंदु अधिकारी के पास नहीं कोई गाड़ी, लेकिन कहां कितना किया निवेश, ये भी जान लीजिए

CM of West Bengal: 55 साल के सुवेंदु अधिकारी शनिवार, 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खास बात यह है कि उसी दिन रबीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और BJP के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। सुवेंदु अधिकारी की संपत्ति की बात करें तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये है

अपडेटेड May 08, 2026 पर 8:44 PM
Story continues below Advertisement
Suvendu Adhikari Investment: सुवेंदु अधिकारी के पास नहीं कोई अपनी गाड़ी, लेकिन कितना है उनका निवेश, ये जान लीजिए आप भी

सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में इतिहास रच दिया है। वे राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कभी ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले सुवेंदु अब उनके सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके हैं। हालिया चुनाव में उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर अपनी ताकत साबित कर दी।

साल 2011 में सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल में 34 साल पुरानी वामपंथी सरकार को हटाकर TMC को सत्ता दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। लेकिन 15 साल बाद वही सुवेंदु अब भाजपा की ऐतिहासिक जीत का चेहरा बन गए हैं। इस चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीत लीं, जबकि टीएमसी सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई।

कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वही बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे।


55 साल के सुवेंदु अधिकारी शनिवार, 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खास बात यह है कि उसी दिन रबीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती भी है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और BJP के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।

राज्यपाल आर एन रवि ने गुरुवार को विधानसभा भंग कर दी थी। इसके बाद भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ। ममता बनर्जी ने चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था।

सुवेंदु अधिकारी ने कहां-कितना किया निवेश?

सुवेंदु अधिकारी की संपत्ति की बात करें तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 85.87 लाख रुपये है। इसमें 24.57 लाख की चल संपत्ति और 61.30 लाख की अचल संपत्ति शामिल है।

हलफनामे में उन्होंने बताया कि उनके पास सिर्फ 12 हजार रुपये नकद हैं। उनके नाम कोई कार या निजी वाहन भी नहीं है। यहां तक कि उनके पास सोने के गहने भी नहीं हैं।

उनके कई बैंकों में अकाउंट हैं, जिनमें PNB, SBI, Axis Bank और IDBI बैंक शामिल हैं। उन्होंने नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट में 5.45 लाख रुपये और किसान विकास पत्र में 2.60 लाख रुपये निवेश किए हैं। उनके पास LIC की 6 पॉलिसियां भी हैं।

उनकी ज्यादातर जमीन और संपत्तियां पूर्व मेदिनीपुर जिले में हैं, जो लंबे समय से उनके परिवार का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। नंदीग्राम समेत कई इलाकों में उनके पास कृषि भूमि है। इसके अलावा तमलुक और कुमारपुर में फ्लैट भी हैं।

इनकम टैक्स रिटर्न के मुताबिक, 2024-25 में उनकी सालाना आय 17.38 लाख रुपये रही।

सुवेंदु पर दर्ज हैं कितने मुकदमे?

हालांकि सुवेंदु अधिकारी पर 29 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। इनमें धमकी, मानहानि, चोरी और अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी फैलाने जैसे आरोप शामिल हैं। 2017 के एक CBI केस में भी उनका नाम है, लेकिन अब तक किसी मामले में आरोप तय नहीं हुए हैं।

सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पढ़ाई पूर्व मेदिनीपुर के कांथी हाई स्कूल से की। बाद में उन्होंने BA और फिर कोलकाता की रवींद्र भारती यूनिवर्सिटी से MA किया।

उन्होंने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की थी। साल 2000 में अपने पिता शिशिर अधिकारी के साथ TMC में शामिल हुए थे। उस समय ममता बनर्जी ने नई पार्टी बनाई ही थी। अब वही सुवेंदु अधिकारी बंगाल में भाजपा के सबसे बड़े चेहरे बन चुके हैं।

Suvendu Adhikari: कभी ममता बनर्जी को सत्ता तक पहुंचाने में सुवेंदु ने निभाई थी अहम भूमिका, जानिए कैसे

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।